गुरुग्राम, 19 अगस्त । नगर निगम मानेसर ने सेक्टर-88 स्थित बड़े कमर्शियल कॉम्प्लेक्स मर्चेंट प्लाजा को सील कर दिया। इस व्यावसायिक इमारत पर नगर निगम का 11 करोड़ 55 लाख रुपये टैक्स बकाया है। लंबे समय तक बकाया राशि जमा नहीं किए जाने के बाद निगम की टैक्स विंग ने नियमानुसार सीलिंग की कार्रवाई की।
यह कार्रवाई संयुक्त आयुक्त लोकेश यादव के निर्देश पर टैक्स असिस्टेंट उदय सिंह के नेतृत्व में की गई। नवीन, नितेश और मनीष सहित टैक्स विंग के अन्य कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर इमारत को सील किया। नगर निगम की ओर से मर्चेंट प्लाजा को पहले कई बार बकाया टैक्स जमा कराने के लिए नोटिस जारी किए गए थे। निर्धारित समय के भीतर भुगतान नहीं होने पर निगम ने म्युनिसिपल नियमों के तहत सीलिंग की कार्रवाई अमल में लाई। निगम की ओर से ऐसे अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों, रेजिडेंशियल टावर आदि पर कार्रवाई की जाएगी।