रोहित के 96 रन और बस्तब के चार विकेट से गुवाहाटी रॉयल्स की 30 रन से जीत

Share

गुवाहाटी, 19 अगस्त । गुवाहाटी रॉयल्स ने बुधवार को एसीए स्टेडियम में खेले गए इंपीरियल ब्लू पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर असम प्रीमियर लीग (एपीएल) 2026 के 37वें मुकाबले में चराईदेव सनराइजर्स को 30 रन से हराकर सेमीफाइनल की अपनी उम्मीदें मजबूत कर लीं। इस हार के साथ चराईदेव सनराइजर्स टूर्नामेंट से बाहर हो गया, जबकि बराक लीजेंड्स ने भी सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली।

पहले बल्लेबाजी करते हुए गुवाहाटी रॉयल्स ने रोहित सेन की शानदार 96 रन की पारी की बदौलत 20 ओवर में 5 विकेट पर 182 रन बनाए। रोहित ने 57 गेंदों पर छह चौकों और आठ छक्कों की मदद से 96 रन बनाए। गुनजन ज्योति डेका ने छह गेंदों पर नाबाद 19 रन बनाकर टीम के स्कोर को 182 तक पहुंचाया। चराईदेव की ओर से रिषभ दीपक ने तीन विकेट लिए।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी चराईदेव सनराइजर्स ने कप्तान सुमित घडिगांवकर और ऋषिकेश तामुली की मदद से अच्छी शुरुआत की। दोनों ने पहले विकेट के लिए 53 रन जोड़े। तामुली ने 21 गेंदों पर 32 रन बनाए, जबकि सौम्य कांति पॉल ने 10 गेंदों पर 23 रन बनाए। मानस ज्योति गोगोई ने भी 21 गेंदों पर 32 रन बनाकर संघर्ष किया, लेकिन नियमित अंतराल पर विकेट गिरने से टीम दबाव में आ गई।

गुवाहाटी रॉयल्स के लिए बास्तब रॉय ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 21 रन देकर चार विकेट झटके। रूपेश छेत्री और दीपक गोहाईं ने दो-दो विकेट लिए। चराईदेव की पूरी टीम 17.3 ओवर में 152 रन पर सिमट गई और 30 रन से मुकाबला हार गई।

संक्षिप्त स्कोर:

गुवाहाटी रॉयल्स: 182/5, 20 ओवर — रोहित सेन 96, निबिर डेका 30; रिषभ दीपक 3/34।

चराईदेव सनराइजर्स: 152/10, 17.3 ओवर — ऋषिकेश तामुली 32, मानस ज्योति गोगोई 32; बास्तब रॉय 4/21, रूपेश छेत्री 2/27, दीपक गोहाईं 2/27।

परिणाम: गुवाहाटी रॉयल्स 30 रन से विजयी।

———-