जयपुर, 15 अगस्त । राजस्थान पुलिस मुख्यालय में शनिवार को 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह गरिमापूर्ण ढंग से मनाया गया। पुलिस महानिदेशक (कानून एवं व्यवस्था) संजय कुमार अग्रवाल ने पुलिस मुख्यालय में ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी। पुलिस मुख्यालय में इस वर्ष ध्वजारोहण का दायित्व डीजी कानून एवं व्यवस्था को सौंपा गया था।
समारोह के दौरान अग्रवाल ने राजस्थान पुलिस के 15 मंत्रालयिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रशंसा पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने सम्मानित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि कर्तव्य के प्रति निष्ठा और ईमानदारी से किया गया कार्य पुलिस संगठन को और मजबूत बनाता है।
अपने संबोधन में डीजी अग्रवाल ने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले महान अमर स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों को नमन किया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान से हमें हमेशा प्रेरणा मिलती है। हमें उनके पदचिह्नों पर चलते हुए अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल राष्ट्रीय पर्व मनाने का अवसर नहीं, बल्कि देश और समाज के प्रति अपने दायित्वों को याद करने तथा उन्हें पूरी जिम्मेदारी से निभाने का संकल्प लेने का भी दिन है। पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ आमजन की सुरक्षा और सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया।
समारोह में पुलिस मुख्यालय के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, पुलिस अधिकारी, कार्मिक एवं मंत्रालयिक कर्मचारी मौजूद रहे।