झाबुआ में हर्षोल्लास से मना 80वां स्वतंत्रता दिवस, बूंदाबांदी के बीच दिखी संस्कृति की झलक

Share

झाबुआ, 15 अगस्त । जनजातीय बाहुल्य झाबुआ जिले में शनिवार को बूंदाबांदी के बीच 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। जिला मुख्यालय के साथ ही जनपदीय मुख्यालयों, नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों, ग्राम पंचायतों तथा विभिन्न शासकीय-अशासकीय शिक्षण संस्थाओं में ध्वजारोहण किया गया।

जिला मुख्यालय स्थित डीआरपी लाइन परेड ग्राउंड में स्वतंत्रता दिवस का मुख्य समारोह महिला एवं बाल विकास विभाग मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया के मुख्य आतिथ्य में आयोजित हुआ। मंत्री ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इसके बाद पुलिस बैंड ने राष्ट्रगान की धुन बजाई। मंत्री ने परेड की सलामी लेने के बाद परेड कमांडरों से परिचय प्राप्त किया।

समारोह में कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट, पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र पाटीदार, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जितेन्द्र सिंह चौहान, अपर कलेक्टर सी.एस. सोलंकी सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी-कर्मचारी, स्कूली विद्यार्थी, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।

देशभक्ति के साथ जनजातीय संस्कृति के रंग

स्वतंत्रता दिवस समारोह में विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने देशभक्ति, वीरता, राष्ट्रीय एकता, भारतीय संस्कृति और जिले की जनजातीय परंपराओं पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। बूंदाबांदी के बावजूद विद्यार्थियों का उत्साह देखते ही बना।

कार्यक्रम के दौरान जिले की विकास गाथा पुस्तिका का वितरण किया गया। उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। सुरक्षा बलों की टुकड़ियों ने हर्ष फायर कर स्वतंत्रता दिवस का जयघोष किया।

स्वतंत्रता सेनानियों और शहीद परिवारों का सम्मान

मुख्य अतिथि मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने स्वतंत्रता सेनानियों, जिले के पद्मश्री सम्मानित व्यक्तित्वों तथा शहीदों के परिजनों को पुष्पमाला, श्रीफल और शॉल भेंट कर सम्मानित किया। समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के संदेश का सीधा प्रसारण भी किया गया।

विद्यार्थियों के साथ किया विशेष भोज

जिला स्तरीय मुख्य समारोह के बाद मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट और पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र पाटीदार के साथ पीएम श्री एकीकृत शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रातीतलाई पहुंचीं। यहां प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना के तहत आयोजित विशेष भोज में उन्होंने विद्यार्थियों के साथ भोजन किया।

इस दौरान मंत्री ने विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद करते हुए उनकी पढ़ाई और विद्यालय की गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने विद्यार्थियों को देश का भविष्य बताते हुए शिक्षा के साथ संस्कार, अनुशासन और राष्ट्रप्रेम को जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी प्रतिभा, परिश्रम और शिक्षा के बल पर आगे बढ़ें तथा अपने परिवार, जिले और प्रदेश का नाम रोशन करें।