देशभक्ति के रंग में रंगा सीएसआईआर-एनएमएल का 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह

Share

जमशेदपुर,15 अगस्त । सीएसआईआर-राष्ट्रीय धातुकर्म प्रयोगशाला (सीएसआईआर-एनएमएल) में शनिवार को भारत का 80वां स्वतंत्रता दिवस देशभक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। प्रयोगशाला परिसर में आयोजित समारोह में संस्थान के वैज्ञानिकों,अधिकारियों, कर्मचारियों, उनके परिजनों, बच्चों, छात्रों और अतिथियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। समारोह के दौरान राष्ट्र की स्वतंत्रता के लिए किए गए संघर्ष और बलिदानों को याद करते हुए देश के विकास में योगदान देने का संकल्प दोहराया गया।

समारोह का शुभारंभ सामूहिक राष्ट्रगीत के साथ हुआ। इसके बाद सीएसआईआर-एनएमएल के निदेशक डॉ.संदीप घोष चौधुरी ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। ध्वजारोहण के पश्चात उपस्थित लोगों ने राष्ट्रगान गाया और पूरे परिसर में देशभक्ति का माहौल देखने को मिला। कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियां,देशभक्ति गीत और अन्य कार्यक्रम आयोजित किए गए।

अपने संबोधन में डॉ.संदीप घोष चौधुरी ने स्वतंत्रता दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि देश की आजादी अनेक स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और बलिदान का परिणाम है। उन्होंने सभी से राष्ट्र के विकास और प्रगति में अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर सीएसआईआर-एनएमएल के प्रशासन नियंत्रक जय शंकर शरण ने समारोह में उपस्थित प्रतिष्ठित भूतपूर्व सैनिक शिव विशाल सिंह का परिचय कराया। उन्होंने देश के प्रति श्री सिंह की सेवा और योगदान के बारे में उपस्थित लोगों को जानकारी दी। युद्ध के दौरान राष्ट्र की सेवा में उनके योगदान और समर्पण को देखते हुए सीएसआईआर-एनएमएल के निदेशक डॉ. संदीप घोष चौधुरी ने उन्हें सम्मानित किया।