बिहार और झारखंड के बीस सदस्यों वाली आयकर विभाग के अधिकारियों की गठित स्पेशल टीम का सर्वे तीसरे दिन शुक्रवार को भी जारी रहा। फारबिसगंज के सुपर हमसफर ट्रैवल्स के दो कार्यालय और रामपुर दक्षिण स्थित उनके मालिक के घर पर टीम के सदस्यों ने भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सर्वे के कार्यों का निबटारे में लगे रहे।
आयकर विभाग के भागलपुर जोन के आयकर विभाग अन्वेषण ब्यूरो की उप निदेशक सुनीता कुमारी के नेतृत्व में बीस आयकर विभाग के अधिकारियों की टीम सुभाष चौक स्थित बस स्टैंड और रामपुर ओवरब्रिज स्थित उनके कार्यालय समेत रामपुर दक्षिण पंचायत में बस के मालिक मो.अफसार और उनके भाई मो.असलम के आवास पर कागजातों को खंगालती रही।इधर आयकर विभाग के टीम पर हमले के आरोप में न्यायिक हिरासत में जेल भेजे गए सुपर हमसफर ट्रेवल्स के मालिक मो. अफसार और उनके भाई मो.असलम को शुक्रवार को न्यायालय के आदेश पर रिमांड पर लिया और फारबिसगंज थाना में दोनों भाइयों से बंद कमरे में पूछताछ करते रहे। समाचार प्रेषण तक आयकर विभाग की टीम दोनों भाइयों से थाना में आय के श्रोतों और अन्य विषयों को लेकर पूछताछ कर रही है।
आयकर विभाग की टीम पर बुधवार को आवास पर हुए हमले के बाद से सर्वे कार्य को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।बड़ी संख्या में पुलिस पदाधिकारियों और बलों की प्रतिनियुक्ति है।
आयकर विभाग के अधिकारी आय के श्रोतों की सही जानकारी लेने में शुक्रवार को भी कागजातों को खंगालने के कार्य में लगे रहे।आयकर विभाग का यह सर्वे कर चोरी के आलोक में आयकर विभाग कार्यालय को मिली सूचना के आधार पर गठित स्पेशल विभागीय टीम द्वारा की जा रही है।गठित स्पेशल टीम में पूर्णिया,भागलपुर,मुजफ्फरपुर,धनबाद,रांची आदि के अधिकारी शामिल हैं।
सुपर हमसफर ट्रेवल्स ट्रांसपोर्टर के दो कार्यालय सहित चार ठिकानों पर बुधवार को पहुंची आयकर विभाग की स्पेशल टीम के साथ आवास पर किए गए हमले और दुर्व्यवहार के मामले को लेकर आयकर विभाग के कार्यालय उप निदेशक अन्वेषण ब्यूरो भागलपुर के आयकर निरीक्षक अवध किशोर सिंह के लिखित आवेदन पर फारबिसगंज थाना में कांड संख्या 513/2026 विभिन्न धाराओं में दर्ज की गई है।जिसमें 11 नामजद सहित 15 अज्ञात को आरोपी बनाया गया है।जिसमें चार महिलाएं भी शामिल हैं।
बुधवार को ही सुपर हमसफर ट्रेवल्स के मालिक मो.अफसार और उनके छोटे भाई मो.असलम के साथ अकीम आलम की गिरफ्तारी हुई थी और उसे गुरुवार को न्यायिक हिरासत में गुरुवार को जेल भेजा गया था।लेकिन आयकर विभाग की टीम ने सर्वे को लेकर न्यायालय को दिए गए प्रार्थना पत्र के आलोक में मो.अफसार और मो.असलम को शुक्रवार को रिमांड पर लिया और उनसे पूछताछ कर रही है।
सर्वे कर रही टीम के अधिकारी ने अपरोक्ष रूप से जानकारी देते हुए बताया कि ट्रेवल्स कंपनी के द्वारा भारी मात्रा में कर चोरी का मामला सामने आया है।
अभी सर्वे का काम पूरा नहीं हुआ है।देर रात तक यह पूरा होने की उम्मीद है।सुपर हमसफर ट्रेवल्स की करीबन दो सौ बस के संचालित होने और करोड़ों रूपये सालाना कर चोरी किए जाने का अनुमान है।सर्वे का काम चल रहा है और पूरी सर्वेक्षण के बाद ही कर चोरी का सही मामला सामने आने की बात अधिकारियों ने कही।