कैथल: हर घर तिरंगा अभियान के तहत निकाली तिरंगा यात्रा

Share

कैथल, 14 अगस्त । जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग की ओर से हर घर तिरंगा अभियान के तहत शुक्रवार को तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं आमजन ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। एडीसी सुशील कुमार ने कमेटी चौक स्थित राजकीय स्कूल से तिरंगा यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और स्वयं भी यात्रा में शामिल हुए। एसडीएम संजय कुमार भी पूरी यात्रा के दौरान मौजूद रहे।

तिरंगा यात्रा के दौरान विद्यार्थियों और अन्य प्रतिभागियों ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर भारत माता और वंदे मातरम के जयघोष किए। देशभक्ति गीतों एवं नारों से पूरा वातावरण गूंज उठा। प्रतिभागियों ने देश की आजादी के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले वीर शहीदों को नमन किया।

एडीसी सुशील कुमार ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान देश की आन-बान-शान के लिए कुर्बान होने वाले वीरों को नमन करने का अवसर प्रदान करता है। यह अभियान देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने का संदेश देता है।

एसडीएम संजय कुमार ने कहा कि देश को आजादी दिलाने के लिए असंख्य वीरों ने अपने प्राण न्यौछावर किए। आजादी की लड़ाई में अनेक बहनों ने अपने भाइयों, सुहागिनों ने अपने सुहाग और माताओं ने अपने बेटों को देश की अस्मिता की रक्षा के लिए समर्पित किया। इन सभी बलिदानियों के सम्मान और उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि देने के उद्देश्य से तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जा रहा है।

तिरंगा यात्रा कमेटी चौक स्थित राजकीय स्कूल से शुरू होकर पिहोवा चौक पहुंची। इसके बाद यात्रा आईजी कॉलेज से होते हुए वापस स्कूल में संपन्न हुई। इस दौरान विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला और पूरा मार्ग देशभक्ति के नारों एवं तिरंगे की शान से सराबोर नजर आया।

इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी प्रमोद राणा, जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी नसीब सिंह सैनी, बीईओ बिमला सिरोही, प्रिंसिपल रविंद्र शर्मा, प्रवीन थरेजा, बीरबल दलाल सहित अन्य अध्यापक व विद्यार्थी मौजूद रहे।