दमोह, 14 अगस्त । स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार, 15 अगस्त को दमोह के तहसील मैदान में जिला स्तरीय समारोह आयोजित किया जाएगा। समारोह में प्रदेश के संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेंद्र सिंह लोधी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। जिला प्रशासन ने समारोह की तैयारियां पूरी कर निर्धारित कार्यक्रम जारी कर दिया है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार राज्यमंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी सुबह 9 बजे ध्वजारोहण करेंगे। इसके बाद राष्ट्रगान, सलामी और परेड का निरीक्षण होगा। 9:25 बजे मुख्यमंत्री के संदेश का सीधा प्रसारण किया जाएगा।
इसके बाद 9:55 बजे मुख्य अतिथि समारोह को संबोधित करेंगे। सुबह 10 बजे मार्च-पास्ट होगा और परेड कमांडर द्वारा मुख्य अतिथि को परेड में शामिल दलों का परिचय कराया जाएगा।
समारोह में 10:15 बजे लोकतंत्र सेनानियों तथा अंगदान और देहदान करने वाले नागरिकों एवं उनके परिजनों का सम्मान किया जाएगा। इसके बाद 10:25 बजे सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। इनमें देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना पर आधारित प्रस्तुतियां दी जाएंगी। 10:40 बजे पुरस्कार वितरण किया जाएगा। इसके बाद 10:50 बजे मुख्य अतिथि विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन करेंगे।
जिला प्रशासन द्वारा स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी की जा रही हैं। समारोह में प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि, पुलिस एवं सुरक्षा बलों के जवान, विद्यार्थी और नागरिक शामिल होंगे। समारोह के माध्यम से स्वतंत्रता दिवस पर राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश दिया जाएगा।