सागवान की लकड़ी ले जा रहे दंपती ने फॉरेस्ट गार्ड पर लट्ठे से किया हमला, सिर की हड्डी में फ्रैक्चर

Share

बलरामपुर, 11 अगस्त । रामानुजगंज में वन वाटिका के पास मंगलवार सुबह सागवान की लकड़ी लेकर जा रहे एक दंपती को रोकना फॉरेस्ट गार्ड को भारी पड़ गया। लकड़ी ले जाने को लेकर पूछताछ करने पर दंपती ने कंधे पर रखे सागौन के लट्ठे से फॉरेस्ट गार्ड पिंटू मालाकार पर हमला कर दिया। लट्ठा सिर पर लगने से फॉरेस्ट गार्ड गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे पहले रामानुजगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए डालटेनगंज रेफर किया गया। फिलहाल उसका इलाज चल रहा है।

जानकारी के अनुसार, आज सुबह मनोज भुइया अपनी पत्नी के साथ वन वाटिका के पास से करीब 4 से 5 फीट लंबा सागौन का लट्ठा कंधे पर रखकर ले जा रहा था। वन वाटिका के गेट के पास फॉरेस्ट गार्ड पिंटू मालाकार की नजर उन पर पड़ी। उसने दंपती को रोककर सागवान की लकड़ी काटकर ले जाने के संबंध में पूछताछ की।

वन विभाग के अनुसार, पूछताछ के दौरान मनोज भुइया और उसकी पत्नी ने कंधे पर रखा लट्ठा पिंटू मालाकार को दे मारा। लट्ठा सिर पर लगने से पिंटू मालाकार जमीन पर गिर गया। उसके सिर और कान से खून निकलने लगा। घटना के दौरान वहां मौजूद मॉर्निंग वॉक करने वाले लोगों ने बीच-बचाव किया और घायल फॉरेस्ट गार्ड को तत्काल रामानुजगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।

रामानुजगंज रेंजर डॉक्टर दिलरुबा बानो ने बताया कि घायल फॉरेस्ट गार्ड पिंटू मालाकार को डालटेनगंज के श्री नारायण अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जांच में उसकी स्कल की हड्डी में फ्रैक्चर पाया गया है और एक नस भी दब गई है। फिलहाल अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है।

रेंजर डॉक्टर दिलरुबा बानो ने बताया कि, घटना के आरोपित मनोज भुइया को वन विभाग ने पकड़ लिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद वन विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।