स्वतंत्रता दिवस के सांस्कृतिक कार्यक्रम को लेकर हर घर तिरंगा थीम पर हुआ ऑडिशन

Share

अररिया, 10 अगस्त। हर घर तिरंगा अभियान के तहत जिला प्रशासन की ओर से खेल भवन-सह-व्यायामशाला में स्वतंत्रता दिवस पर आयोजित होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम के लिए सोमवार को ऑडिशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। ऑडिशन में जिले के विभिन्न कोटि के विद्यालयों एवं शिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हर घर तिरंगा थीम पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इसी कार्यक्रम में प्रस्तुति देने वाले प्रतिभागियों के चयन के लिए समूह नृत्य एवं समूह गायन सहित विभिन्न सांस्कृतिक विधाओं का ऑडिशन कराया गया।

इस संबंध में जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी सनियाल कुमार ने बताया कि जिले के सभी कोटि के विद्यालयों से छात्र-छात्राओं की सहभागिता सुनिश्चित की जा रही है। सभी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों एवं संबंधित शिक्षण संस्थानों को अपने संस्थान से किसी एक विधा में छात्र-छात्राओं की प्रतिभागिता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया था। ऑडिशन में चयनित प्रतिभागियों को ही स्वतंत्रता दिवस पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रस्तुति देने का अवसर प्रदान किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन का उद्देश्य स्वतंत्रता दिवस समारोह के अवसर पर जिले के प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को अपनी कला एवं प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए मंच उपलब्ध कराना तथा उनमें देशभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता की भावना को और मजबूत करना है।

ऑडिशन में जिले के सरकारी और गैर सरकारी स्कूलों के अलग अलग कोटी में छात्र छात्राओं ने आयोजित ऑडिशन में भाग लिया।