कोरबा, 09 अगस्त (हि. स.)। टीपी नगर में आज रविवार को ऑटो चालक, सवारी ऑटो और मालवाहक ऑटो चालकों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में ऑटो चालकों को यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने और सड़क पर सुरक्षित संचालन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इस दौरान चालकों से नियमों का पालन करने और मनमाने तरीके से ऑटो खड़ा नहीं करने की अपील की गई।
बैठक में ऑटो चालकों को स्पष्ट रूप से हिदायत दी गई कि वे सड़क पर कहीं भी अचानक अपना ऑटो खड़ा कर सवारी न बैठाएं। सवारी लेने और उतारने के लिए निर्धारित ऑटो स्टैंड का ही उपयोग करें, ताकि मुख्य मार्ग पर यातायात बाधित न हो और दुर्घटना की स्थिति निर्मित न हो।
मालवाहक ऑटो चालकों को भी निर्देश दिया गया कि वे अपने वाहनों में सवारियां भरकर परिवहन न करें। मालवाहक ऑटो का उपयोग केवल निर्धारित माल के परिवहन के लिए किया जाए। इसके अलावा ऑटो में क्षमता से अधिक माल यानी ओवरलोडिंग नहीं करने की भी सख्त हिदायत दी गई। चालकों को बताया गया कि ओवरलोड वाहन सड़क पर दुर्घटना का कारण बन सकते हैं और इससे चालक के साथ-साथ अन्य राहगीरों की सुरक्षा भी प्रभावित होती है।
बैठक में सवारी ऑटो चालकों से भी यातायात नियमों का पालन करने, निर्धारित स्थान से ही सवारी बैठाने, वाहन को सड़क के बीच में रोकने से बचने तथा यातायात व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की गई।
बैठक में ऑटो संघ के अध्यक्ष अघ्याक्ष अजाम खान, सचिव पंकज तिवारी, बैटरी ऑटो संघ के अध्यक्ष वाल्मीकि जी तथा मालवाहक ऑटो संघ के अध्यक्ष बांजारे जी सहित अन्य पदाधिकारी और ऑटो चालक उपस्थित रहे।
इस अवसर पर डीएसपी ज्योत्सना चौधरी, एएसआई ईश्वरी लहरे, हेड कांस्टेबल लखन सिंह, कांस्टेबल राम पटले और अजय सहित पुलिस स्टाफ मौजूद रहा। पुलिस अधिकारियों ने ऑटो चालकों को यातायात नियमों का पालन करने और शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में पुलिस का सहयोग करने की अपील की।