धर्मशाला, 08 अगस्त । कांगड़ा जिला के पुलिस थाना गगल के तहत शराब ठेके में हुई चोरी के मामले में पुलिस ने जम्मू से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों से 35 हजार की चोरी की राशि भी बरामद की है।
गौरतलब है कि बीते 4 जुलाई 2026 को गगल चौक स्थित शराब के ठेके से 74,820 की नकदी चोरी होने पर थाना गगल में मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने मामले की जांच करते हुए सीसीटीवी एवं तकनीकी जांच के आधार पर वारदात में प्रयुक्त वाहन जेके11एच-7366 की पहचान करते हुए आरोपियों कवीर मोहम्मद एवं रियाज अहमद, दोनों निवासी जिला राजौरी, जम्मू-कश्मीर की पहचान की गई। दोनों आरोपियों को जिला राजौरी के थाना मण्डी पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए जाने के बाद पुलिस थाना गगल की टीम ने दोनों को उक्त मामले में गिरफ्तार किया। आरोपियों से 35 हजार बरामद किए गए हैं।
दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया व न्यायालय से 10 अगस्त तक पुलिस रिमांड मिला है। मामले में शेष चोरी की राशि की बरामदगी तथा अन्य चोरी की वारदातों में आरोपियों की संलिप्तता के संबंध में गहनता से जांच की जा रही है।