सचिवालय का चुनाव पुराने संविधान के अनुसार ही होगा

Share

देहरादून। सचिवालय संघ की वर्तमान कार्यकारिणी भंग हो गई है। संघ ने सचिवालय प्रशासन से जल्द चुनाव कराने का अनुरोध किया है। वहीं, अब संघ के चुनाव पुराने संविधान के अनुसार ही होंगे। यानी इसमें अभी नए पदों का सृजन नहीं होगा और न ही सचिवालय में कार्य कर रहे दूसरे संवर्ग के कार्मिक सदस्य बनाए जाएंगे।

सोमवार को सचिवालय में संघ की आमसभा का आयोजन किया गया। इस दौरान संघ के नए ढांचे पर भी चर्चा हुई। इसमें वरिष्ठ उपाध्यक्ष का पद सृजित करने, दो संयुक्त सचिव के पद में से एक पद सचिव का बनाने, कार्यकारिणी के दो पदों को मनोनयन से भरे जाने, जिसमें एक पद महिला कार्मिक एवं एक अनुसूचित जाति से रखने और सचिवालय में कार्यरत दूसरे संवर्गों के कार्मिकों को सदस्य बनाने के संबंध में चर्चा हुई। दरअसल, संघ की 24 नवंबर को हुई आमसभा में यह मसला रखा गया था।

इसके बाद ही इसका विरोध शुरू हो गया। संघ के उपाध्यक्ष संदीप चमोला ने इसे लेकर अपनी ही कार्यकारिणी पर सवाल उठाए थे। सोमवार को हुई आमसभा में भी उपाध्यक्ष समेत मौजूद सदस्यों में से अधिकांश ने इसका विरोध किया। इसे देखते हुए संघ ने 24 नवंबर को हुई आमसभा में जिन बिंदुओं पर सहमति बनी थी, उन्हें स्थगित करने का निर्णय लिया। इसके साथ ही यह भी तय किया गया कि चुनाव चली आ रही व्यवस्था के अनुसार ही होंगे। आमसभा की अध्यक्षता संघ के अध्यक्ष दीपक जोशी और संचालन महासचिव राकेश जोशी ने किया।