सहयोग विलेज बाल गृह का संयुक्त निरीक्षण, बच्चों की सुविधाओं और अभिलेखों की जांच - सरस जनवाद

सहयोग विलेज बाल गृह का संयुक्त निरीक्षण, बच्चों की सुविधाओं और अभिलेखों की जांच

Share

खूंटी , 01 अगस्त । उपायुक्त मो जावेद हुसैन के निर्देश पर शनिवार को सहयोग विलेज बाल गृह का संयुक्त निरीक्षण किया गया। निरीक्षण दल में प्रभारी पदाधिकारी, सामाजिक सुरक्षा कोषांग और जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी शामिल थे। निरीक्षण का उद्देश्य बाल गृह में रह रहे बच्चों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं और संस्थान की कार्यप्रणाली का आकलन करना था।

निरीक्षण के दौरान बच्चों के आवास, भोजन, स्वास्थ्य, शिक्षा, स्वच्छता और सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया गया। अधिकारियों ने बच्चों की देखभाल, संरक्षण और पुनर्वास से जुड़ी व्यवस्थाओं की भी समीक्षा करते हुए आवश्यक जानकारी प्राप्त की।

इस दौरान संस्थान के स्टॉक रजिस्टर, विजिटिंग रजिस्टर, उपस्थिति रजिस्टर सहित अन्य आवश्यक अभिलेखों की जांच की गई। अधिकारियों ने अभिलेखों के संधारण की स्थिति का अवलोकन कर उन्हें नियमित और अद्यतन रखने के निर्देश दिया। साथ ही संस्थान की कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए आवश्यक सुधारात्मक सुझाव भी दिए गए।

निरीक्षण दल ने संस्थान प्रबंधन को निर्देशित किया कि बच्चों के सर्वोत्तम हित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी आवश्यक सुविधाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप उपलब्ध कराई जाएं।

अधिकारियों ने बच्चों की सुरक्षा, स्वास्थ्य, शिक्षा और समग्र विकास से संबंधित सभी व्यवस्थाओं को प्रभावी बनाए रखने एवं बाल संरक्षण से जुड़े सभी नियमों और मानकों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।

उन्होंने कहा कि नियमित निरीक्षण के माध्यम से बाल गृहों की व्यवस्थाओं की सतत निगरानी की जाएगी, ताकि बच्चों को सुरक्षित और बेहतर वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।