संसद परिसर में प्रदर्शन को लेकर भाजपा ने पप्पू यादव, राहुल गांधी समेत अन्य के खिलाफ एफआईआर की मांग की - सरस जनवाद

संसद परिसर में प्रदर्शन को लेकर भाजपा ने पप्पू यादव, राहुल गांधी समेत अन्य के खिलाफ एफआईआर की मांग की

Share

नई दिल्ली, 01 अगस्त । भारतीय जनता पार्टी की दिल्ली प्रदेश इकाई ने 31 जुलाई को संसद परिसर के मकर द्वार के निकट हुए प्रदर्शन के संबंध में दिल्ली पुलिस को विस्तृत शिकायत सौंपते हुए पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव (राजेश रंजन), लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, फैजाबाद (अयोध्या) से सांसद अवधेश प्रसाद तथा अन्य संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है।

भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने नई दिल्ली के डीसीपी सचिन शर्मा से मुलाकात की और शिकायत की कॉपी सौंपी। इसमें आरोप लगाया गया कि विपक्षी सांसदों ने पिछले दिन हुए विरोध प्रदर्शन के दौरान हिंदुओं की भावनाओं को ठेस पहुंचाई।

प्रतिनिधिमंडल में शामिल भाजपा विधायक करनैल सिंह ने कहा, “हमारी मांग है कि संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने सनातन धर्म को बदनाम करने की कोशिश की है।”

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि प्रदर्शन के दौरान भगवान श्रीराम की तस्वीर, भगवा वस्त्र, धार्मिक तिलक तथा दानपेटी जैसे हिंदू धार्मिक प्रतीकों का राजनीतिक उद्देश्य से उपयोग किया गया, जिससे हिंदू समुदाय की धार्मिक भावनाएं आहत हुईं। शिकायत में कहा गया है कि सार्वजनिक रूप से उपलब्ध वीडियो और तस्वीरों में प्रदर्शन के दौरान दानपेटी में रुपये डालने और निकालने जैसी गतिविधियां दिखाई देती हैं। साथ ही, भगवान श्रीराम की तस्वीर प्रदर्शन के दौरान जमीन पर गिरती हुई भी दिखाई देती है। शिकायतकर्ताओं का दावा है कि इन घटनाओं की सत्यता सीसीटीवी फुटेज, मीडिया कवरेज, वीडियो रिकॉर्डिंग और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों से जांची जा सकती है। भाजपा ने पुलिस से अनुरोध किया है कि संसद परिसर के सीसीटीवी फुटेज, टेलीविजन प्रसारण, फोटोग्राफ, सोशल मीडिया पोस्ट और अन्य सभी डिजिटल साक्ष्यों को सुरक्षित रखा जाए ताकि निष्पक्ष जांच सुनिश्चित हो सके।

शिकायत में यह भी कहा गया है कि प्रथम दृष्टया यह मामला भारतीय न्याय संहिता, 2023 की विभिन्न धाराओं के तहत संज्ञेय अपराध का स्वरूप ग्रहण करता है। इसमें विशेष रूप से धार्मिक भावनाएं आहत करने, पवित्र धार्मिक प्रतीकों का अपमान करने, विभिन्न समुदायों के बीच वैमनस्य उत्पन्न करने तथा सार्वजनिक शांति भंग करने से संबंधित प्रावधानों का उल्लेख किया गया है। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि इन पहलुओं की विधिवत जांच कर संबंधित व्यक्तियों की भूमिका निर्धारित की जानी चाहिए।

भाजपा की ओर से दिल्ली पुलिस से मांग की गई है कि शिकायत में नामित सभी व्यक्तियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की प्रासंगिक धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की जाए, उपलब्ध डिजिटल एवं इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों को संरक्षित किया जाए तथा कानून के अनुसार निष्पक्ष और विस्तृत जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाए। शिकायत में यह भी अनुरोध किया गया है कि जांच के दौरान आवश्यकता पड़ने पर सक्षम संसदीय प्राधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर विधिसम्मत प्रक्रिया का पालन किया जाए।