लोकतंत्र की मजबूती में जनता की सक्रिय भागीदारी सबसे बड़ी शक्ति: हेमंत खंडेलवाल - सरस जनवाद

लोकतंत्र की मजबूती में जनता की सक्रिय भागीदारी सबसे बड़ी शक्ति: हेमंत खंडेलवाल

Share

भोपाल/दतिया, 30 जुलाई । भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने गुरुवार को दतिया विधानसभा उपचुनाव में उत्साहपूर्वक मतदान करने वाले मतदाताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि दतिया की जागरूक जनता ने बड़ी संख्या में मतदान कर लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति अपनी आस्था और विश्वास का परिचय दिया है।

हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक मत का महत्वपूर्ण स्थान होता है और मतदाताओं ने अपने मताधिकार का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग कर लोकतांत्रिक व्यवस्था को और मजबूत बनाने का संदेश दिया है। उन्होंने युवाओं, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और पहली बार मतदान करने वाले मतदाताओं की सक्रिय भागीदारी की भी सराहना करते हुए कहा कि सभी वर्गों की सहभागिता लोकतंत्र को सशक्त बनाती है।

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने विश्वास व्यक्त किया कि मतदाताओं ने प्रदेश के विकास, सुशासन और जनकल्याण को ध्यान में रखते हुए अपने मताधिकार का प्रयोग किया है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता सर्वोपरि होती है और जनता का निर्णय सर्वोच्च एवं सर्वमान्य होता है। हेमंत खंडेलवाल ने शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित मतदान संपन्न कराने के लिए भारत निर्वाचन आयोग, जिला निर्वाचन प्रशासन, पुलिस प्रशासन, सुरक्षा बलों, मतदान दलों तथा चुनाव प्रक्रिया से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों के प्रति भी आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सभी के समन्वित प्रयासों से मतदाताओं को निर्भीक और सुगम वातावरण में मतदान का अवसर मिला।

उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं का भी धन्यवाद देते हुए कहा कि संगठन के सभी कार्यकर्ताओं ने अनुशासन, समर्पण और सक्रियता के साथ चुनाव प्रक्रिया में अपनी भूमिका निभाई।