मंडी, 28 जुलाई । मंडी शहर में बाइपास पर सुकेती खड्ड किनारे करोड़ों की लागत से बनाई जा रही रेहड़ी फहड़ी मार्केट और पार्किंग का काम इन दिनों तेजी से जारी है। मंडी सदर के विधायक एवं पूर्व मंत्री अनिल शर्मा का इसे एक ड्रीम प्रोजेक्ट माना जाता है। वह समय-समय पर इसके काम का निरीक्षण भी करते रहते हैं। कुछ दिन पहले जब उन्होंने इस काम का जायजा लिया था। तो पाया कि विशाल डंगे पर सुकेती किनारे जो सुरक्षा रेलिंग लगाई जा रही है, उसमें लगाया जा रहा स्टील काफी पतला व कमजोर है। ज्यादा दबाव पड़े तो कोई भी सीधे खड्ड में गिर सकता है। इसका जिक्र विधायक अनिल शर्मा ने बीते दिनों किया था। लोक निर्माण विभाग तो एक तरह से रेलिंग के काम को पूरा कर चुका था। मगर विधायक के तेवरों से अब इस पहले से लगाई गई लोहे की रेलिंग को स्टील के पोल साथ जोड़ कर पक्का किया जा रहा है, जिससे किसी भी तरह का खतरा न रहे। इन दिनों इस सारी रेलिंग पर पोल जोड़ने का काम चला हुआ है और अब माना जा रहा है कि यह काफी सुरक्षित रहेगी। यदि विधायक ने सवाल नहीं उठाया होता तो इस काम को पूरा करके असुरक्षित स्थिति में ही अंतिम रूप दे दिया होता जो हमेशा के लिए खतरा रहता।