छत पर टहल रहे युवक की हाईटेंशन लाइन से झुलसकर मौत - सरस जनवाद

छत पर टहल रहे युवक की हाईटेंशन लाइन से झुलसकर मौत

Share

औरैया, 27 जुलाई (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया में बिधूना कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बरुआ सुखचैनपुर में रविवार रात भीषण गर्मी के बीच छत पर टहल रहे 38 वर्षीय युवक की 11 केवी हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना से परिवार में कोहराम मच गया।

मृतक के भाई ब्रजमोहन ने बताया कि देवेंद्र रात करीब 10 बजे भोजन के बाद गर्मी से राहत पाने के लिए छत पर टहल रहे थे। इसी दौरान छत के बेहद करीब से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन के संपर्क में आने से उन्हें करंट लग गया। परिजनों और ग्रामीणों ने सूखी लकड़ी, बांस और फावड़े के हत्थे की मदद से किसी तरह उन्हें तार से अलग किया। इसके बाद गंभीर हालत में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिधूना ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मृतक अपने पीछे मां सूरजमुखी, पिता अर्जुन सिंह, पत्नी बबली, पुत्र नीशू और पुत्री रोशनी को छोड़ गए हैं। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने आवासीय क्षेत्रों के पास से गुजर रही हाईटेंशन लाइनों को हटाने की मांग की है। बिधूना कोतवाली प्रभारी

विनेश कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।