नई दिल्ली, 23 जुलाई । घरेलू शेयर बाजार आज शुरुआती कारोबार के दौरान उतार-चढ़ाव के बीच रिकवरी करता हुआ नजर आ रहा है। आज के कारोबार की शुरुआत गिरावट के साथ हुई थी। बाजार खुलने के तुरंत बाद लिवालों और बिकवालों के बीच खींचतान शुरू हो गई, जिसकी वजह से बाजार की चाल में उतार-चढ़ाव होने लगा। इस उतार-चढ़ाव के बीच पहले एक घंटे के कारोबार में खरीदारों का पलड़ा भारी नजर आ रहा था। शुरुआती एक घंटे का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 0.18 प्रतिशत और निफ्टी 0.17 प्रतिशत की कमजोरी के साथ कारोबार कर रहे थे।
पहले एक घंटे का कारोबार होने के बाद स्टॉक मार्केट की दिग्गज कंपनियों में से श्रीराम फाइनेंस, एटरनल, हिंडाल्को इंडस्ट्रीज, ट्रेंट लिमिटेड और बजाज फिनसर्व के शेयर 1.29 प्रतिशत से लेकर 0.61 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे। दूसरी ओर, डॉक्टर रेड्डीज लेबोरेट्रीज, नेस्ले, अदानी एंटरप्राइजेज, टाटा स्टील और अदानी पोर्ट्स के शेयर 2.83 प्रतिशत से लेकर 0.80 प्रतिशत की गिरावट के साथ कारोबार करते हुए नजर आ रहे थे।
अभी तक के कारोबार में स्टॉक मार्केट में 2,639 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हो रही थी। इनमें से 957 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि 1,682 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 10 शेयर लिवाली के सपोर्ट से हरे निशान में बने हुए थे। दूसरी ओर, 20 शेयर बिकवाली के दबाव में लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 18 शेयर हरे निशान में और 32 शेयर लाल निशान में कारोबार करते नजर आ रहे थे।
बीएसई का सेंसेक्स आज 239.95 अंक यानी 0.31 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 76,515.10 अंक के स्तर पर खुला। बाजार खुलते ही लिवालों और बिकवालों के बीच एक दूसरे पर हावी होने की कोशिश शुरू हो गई, जिसकी वजह से इस सूचकांक की चाल में उतार-चढ़ाव होने लगा। बिकवाली के दबाव में सेंसेक्स 400 अंक से अधिक टूट कर 76,344.67 अंक के स्तर तक गिर गया। हालांकि पहले 20 मिनट के बाद ही बाजार में खरीदारों का जोर बढ़ता हुआ नजर आने लगा, जिससे इस सूचकांक की चाल में सुधार होने लगा। बाजार में लगातार जारी खरीद बिक्री के बीच शुरुआती एक घंटे का कारोबार होने के बाद सुबह 10:15 बजे सेंसेक्स 140.05 अंक की कमजोरी के साथ 76,615 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 91.45 अंक यानी 0.38 प्रतिशत लुढ़क कर 23,904.80 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलने के कुछ देर बाद बिकवाली का दबाव बनने पर यह सूचकांक करीब 120 अंक फिसल कर 23,876.20 अंक के स्तर तक गिर गया। इसके बाद खरीदारों ने लिवाली शुरू कर दी, जिससे इस सूचकांक की चाल में सुधार होने लगा। बाजार में लगातार जारी लिवाली और बिकवाली के बीच शुरुआती एक घंटे का कारोबार होने के बाद सुबह 10:15 बजे निफ्टी 39.60 अंक की कमजोरी के साथ 23,956.65 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
इसके पहले पिछले कारोबारी दिन बुधवार को सेंसेक्स 715.06 अंक यानी 0.92 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 76,755.05 अंक के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी ने 191.45 अंक यानी 0.79 प्रतिशत की गिरावट के साथ 23,996.25 अंक के स्तर पर बुधवार के कारोबार का अंत किया था।