पश्चिम चम्पारण (बगहा), 23 जुलाई । वाल्मीकिनगर लोकसभा क्षेत्र सहित पूरे बिहार में खरीफ फसलों के लिए यूरिया और डीएपी की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से वाल्मीकिनगर के सांसद सुनील कुमार ने नई दिल्ली में केंद्रीय रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात कि है।
सांसद ने उर्वरक एवं रसायन मंत्रालय की संयुक्त सचिव वंदना प्रेयसी तथा रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय के निदेशक (मूवमेंट) अभय कुमार के साथ विस्तृत चर्चा करते हुए किसानों को समय पर पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि खरीफ सीजन में यूरिया और डीएपी की कमी से किसानों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है, इसलिए समय पर आपूर्ति सुनिश्चित करना अत्यंत आवश्यक है।
बैठक के दौरान केंद्रीय अधिकारियों ने सांसद को आश्वस्त किया कि बिहार में किसानों की जरूरत के अनुरूप यूरिया एवं डीएपी की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जायेंगे और शीघ्र ही उर्वरकों की आपूर्ति में सुधार किया जायेगा।
सांसद सुनील कुमार ने उम्मीद जताई कि केंद्र सरकार के इस आश्वासन से वाल्मीकिनगर लोकसभा क्षेत्र सहित पूरे बिहार के किसानों को खरीफ फसल की बुवाई और खेती कार्य में राहत मिलेगी तथा उर्वरकों की कमी की समस्या दूर होगी।