शिमला, 20 जुलाई । शिमला पुलिस ने चिट्टा (हेरोइन) तस्करी के एक मामले में दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से करीब सात ग्राम चिट्टा बरामद किया है। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश करने के बाद तीन दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। मामले की जांच जारी है।
शिमला पुलिस के अनुसार स्पेशल सेल और पुलिस थाना देहा की संयुक्त टीम ने विश्वसनीय सूचना के आधार पर 17 जुलाई को चेवाग-बलग मार्ग पर नाकाबंदी की। इस दौरान एक संदिग्ध कार को जांच के लिए रोका गया। तलाशी लेने पर कार से करीब सात ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और कार को भी कब्जे में ले लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 27 वर्षीय अक्षय वर्मा उर्फ लक्की और 37 वर्षीय पंकज कुमार के रूप में हुई है। दोनों रोहड़ू उपमंडल के सुंगरी क्षेत्र के रहने वाले हैं। पुलिस ने उनके खिलाफ पुलिस थाना देहा में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज किया है।
शिमला पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें तीन दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि मामले के हर पहलू की गहन जांच की जा रही है।