शिमला, 15 जुलाई । हिमाचल प्रदेश में अगले दो दिन मॉनसून की रफ्तार कुछ धीमी रहने के आसार हैं, लेकिन 18 जुलाई से मौसम फिर करवट लेगा। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार 18 जुलाई से प्रदेश में वर्षा की गतिविधियां तेज होने लगेंगी और 20 व 21 जुलाई को कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। इसी को देखते हुए इन दोनों दिनों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने लोगों से नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने तथा मौसम से जुड़ी चेतावनियों का पालन करने की अपील की है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 18 और 19 जुलाई को प्रदेश के कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इसके बाद 20 और 21 जुलाई को कई क्षेत्रों में बारिश का दौर और तेज हो सकता है। इन दो दिनों के लिए भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
विभाग का कहना है कि तेज बारिश के दौरान भूस्खलन, अचानक जलस्तर बढ़ने और कुछ स्थानों पर यातायात प्रभावित होने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। ऐसे में लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने और प्रशासन की ओर से जारी सलाह का पालन करने की सलाह दी गई है।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक शोभित कटियार ने बताया कि 18 से 22 जुलाई के बीच प्रदेश में मॉनसून फिर सक्रिय रहेगा। इस दौरान राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश होने की संभावना है। विभाग ने इस अवधि के लिए भारी बारिश का येलो अलर्ट भी जारी किया है। उन्होंने कहा कि जुलाई महीने में अब तक हिमाचल प्रदेश में सामान्य से 21 प्रतिशत अधिक वर्षा दर्ज की जा चुकी है। प्रदेश में इस वर्ष मॉनसून ने 30 जून को दस्तक दी थी।
इस बीच, पिछले 24 घंटों के दौरान मॉनसून कमजोर रहने से प्रदेश में वर्षा की गतिविधियां सीमित रहीं। मंडी जिले के गोहर में सबसे अधिक 31 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके बाद मंडी के पंडोह में 19 मिलीमीटर, शिमला जिले के सराहन में 18 मिलीमीटर और मंडी के सुंदरनगर में 12 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। अधिकांश क्षेत्रों में हल्की या बहुत कम बारिश होने से तापमान में भी हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
बारिश में कमी आने का असर मैदानी इलाकों में साफ दिखाई दिया, जहां उमस बढ़ गई है। बुधवार को प्रदेश का औसत न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.6 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया। शिमला में न्यूनतम तापमान 17.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुंदरनगर में 22.1, भुंतर में 21, कल्पा में 13.2, धर्मशाला में 19.2, ऊना में 22, नाहन में 22.7, केलांग में 12.6, पालमपुर में 19, सोलन में 20, मनाली में 16.5, कांगड़ा में 22.8, मंडी में 22.4, बिलासपुर में 24, चंबा में 22.7, जुब्बड़हट्टी में 19.8, कुफरी में 15.2, कुकुमसेरी में 9.2, नारकंडा में 13.2, भरमौर में 13, रिकांगपिओ में 16.5, सियोबाग में 19.5, बरठीं में 22.8 और कोटखाई में 18.6 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया।