दरभंगा जिला अंतर्गत अलीनगर में 1350 लीटर नेपाली शराब बरामदगी मामले का नामजद आरोपी गिरफ्तार, दूसरे की तलाश जारी - सरस जनवाद

दरभंगा जिला अंतर्गत अलीनगर में 1350 लीटर नेपाली शराब बरामदगी मामले का नामजद आरोपी गिरफ्तार, दूसरे की तलाश जारी

Share

दरभंगा जिले के अलीनगर थाना पुलिस ने 1350 लीटर नेपाली देसी शराब बरामदगी के चर्चित मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में फरार दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, अलीनगर थाना कांड संख्या 73/26, दिनांक 3 जून 2026, बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम की धारा 30(ए) के तहत मामला दर्ज किया गया था। तीन जून को गुप्त सूचना मिली थी कि गोरखा गांव स्थित पानी टंकी के समीप भारी मात्रा में नेपाली देसी शराब छिपाकर रखी गई है और उसकी अवैध बिक्री की जा रही है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने मौके पर छापेमारी की। पुलिस को देखते ही नामजद आरोपी रंजन लाल देव उर्फ गुड्डू लाल देव और सतीश लाल देव फरार हो गए थे।

तलाशी अभियान के दौरान एक घर के पास खेत में छिपाकर रखे गए 30 बोरों से 300 एमएल की 4500 बोतल नेपाली देसी शराब बरामद की गई। कुल 1350 लीटर शराब की बरामदगी के बाद उसकी वीडियोग्राफी कर नमूना सुरक्षित रखा गया तथा शेष शराब को जब्त कर कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई।

थानाध्यक्ष रंजीत कुमार शर्मा ने बताया कि मामले के नामजद आरोपी सतीश लाल देव, पिता प्रमोद लाल देव, निवासी गोरखा, थाना अलीनगर, जिला दरभंगा को गिरफ्तार कर लिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है तथा आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

उन्होंने बताया कि फरार आरोपी रंजन लाल देव उर्फ गुड्डू लाल देव की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने कहा कि अवैध शराब कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और सभी दोषियों के विरुद्ध कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।