सतना पहुंचे पश्चिम मध्य रेलवे के जीएम, स्टेशन पुनर्विकास और लंबित रेल परियोजनाओं की समीक्षा - सरस जनवाद

सतना पहुंचे पश्चिम मध्य रेलवे के जीएम, स्टेशन पुनर्विकास और लंबित रेल परियोजनाओं की समीक्षा

Share

सतना, 13 जुलाई । रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रस्तावित सतना दौरे से पहले पश्चिम मध्य रेलवे के महाप्रबंधक (जीएम) दिलीप कुमार सिंह सोमवार को विशेष ट्रेन से सतना पहुंचे। उन्होंने सांसद गणेश सिंह के साथ निर्माणाधीन सतना रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा में गुणवत्ता के साथ कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के बाद जीएम ने सांसद गणेश सिंह, जोनल रेलवे उपभोक्ता सलाहकार समिति, मंडल रेलवे उपभोक्ता सलाहकार समिति तथा चैंबर ऑफ कॉमर्स के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर क्षेत्र की विभिन्न रेल परियोजनाओं और यात्री सुविधाओं की समीक्षा की।

बैठक में सतना रेलवे स्टेशन के आधुनिकीकरण कार्यों के अलावा कैमा रेलवे स्टेशन के विकास, प्रस्तावित रेल माल गोदाम के स्थानांतरण, मुख्तयारगंज, बिरहुली और सगमा में रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) निर्माण सहित कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर चर्चा हुई। इसके साथ ही मारुति नगर से बिरला फैक्ट्री तक जाने वाली रेल लाइन को कैमा की ओर स्थानांतरित करने के प्रस्ताव, स्टेशन परिसर की साफ-सफाई तथा अमदरा, लगरगंवा, तुर्की, मझगवां और उचेहरा क्षेत्र से जुड़ी रेल संबंधी समस्याओं पर भी विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

बैठक में सतना-नागौद-देवेंद्रनगर नई रेल लाइन के लोकार्पण के लिए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। रेलवे अधिकारियों ने विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति से अवगत कराते हुए लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा करने की रूपरेखा प्रस्तुत की।

इस अवसर पर विवेक अग्रवाल, सतीश सुखेजा, रविन्द्र सिंह सेठी, संदीप जैन, केशव बंसल, के.एल. पोहानी, चैंबर ऑफ कॉमर्स के महामंत्री मनोज कटारे, संजय अग्रवाल, जय अग्रवाल सहित जोनल एवं मंडल रेलवे उपभोक्ता सलाहकार समितियों के सदस्य और अन्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे।