पश्चिमी सिंहभूम, 13 जुलाई । पश्चिमी सिंहभूम जिले के जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत तोनांगहातु गांव के कड़ासाई टोला में सोमवार सुबह घरेलू विवाद ने एक महिला की जान ले ली। पारिवारिक कलह के दौरान पति ने कथित तौर पर गमछे से पत्नी का गला घोंट दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही जगन्नाथपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपित पति को गिरफ्तार कर लिया।
मृतका की पहचान शुरू कुई के रूप में हुई है। बताया गया कि वर्ष 2012 में उसकी शादी कानूराम डिग्गी से हुई थी। परिजनों का आरोप है कि विवाह के कुछ समय बाद से ही पति-पत्नी के संबंध तनावपूर्ण रहने लगे थे। आरोप है कि कानूराम ने पहली पत्नी के रहते दूसरी शादी कर ली थी, जिसके बाद वह शुरू कुई के साथ अक्सर मारपीट और प्रताड़ना करता था।
ग्रामीणों के अनुसार, दोनों के बीच लंबे समय से घरेलू विवाद चल रहा था। लगभग 20 दिन पहले गांव के लोगों और सामाजिक स्तर पर दोनों पक्षों के बीच समझौता भी कराया गया था, लेकिन इसके बावजूद उनके संबंध सामान्य नहीं हो सके और घर में विवाद लगातार जारी रहा।
सोमवार सुबह एक बार फिर किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच कहासुनी हुई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि कानूराम डिग्गी ने कथित तौर पर गुस्से में आकर गमछे से पत्नी का गला घोंट दिया। दम घुटने से महिला की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने गांव के मुंडा को सूचना दी। इसके बाद जगन्नाथपुर थाना प्रभारी टिंकू दास पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए चाईबासा सदर अस्पताल भेज दिया।
थाना प्रभारी टिंकू दास ने बताया कि आरोपित पति कानूराम डिग्गी से पूछताछ की जा रही है। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद मृत्यु के कारणों की आधिकारिक पुष्टि होगी तथा उसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।————