नई दिल्ली, 13 जुलाई । इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की सबसे सफल फ्रेंचाइजियों में शामिल चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) और मुख्य कोच स्टीफन फ्लेमिंग का 18 साल पुराना साथ आखिरकार समाप्त हो गया। फ्रेंचाइजी और फ्लेमिंग ने आपसी सहमति से अलग होने का फैसला लिया है। सीएसके ने बताया कि यह निर्णय फ्लेमिंग और टीम प्रबंधन के बीच हुई “खुली और ईमानदार बातचीत” के बाद लिया गया।
न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान फ्लेमिंग 2008 में आईपीएल के पहले सीजन में खिलाड़ी के रूप में सीएसके से जुड़े थे। इसके बाद 2009 में उन्होंने टीम के मुख्य कोच की जिम्मेदारी संभाली। 2009 से 2026 तक उन्होंने महेंद्र सिंह धोनी के साथ मिलकर चेन्नई सुपर किंग्स को आईपीएल की सबसे सफल टीमों में शामिल कर दिया।
फ्लेमिंग के कार्यकाल में सीएसके ने पांच आईपीएल खिताब और दो चैंपियंस लीग टी-20 ट्रॉफियां जीतीं। उनकी कोचिंग में टीम ने रिकॉर्ड 12 बार प्लेऑफ में जगह बनाई और 10 बार आईपीएल फाइनल खेला, जिससे चेन्नई सुपर किंग्स लीग की सबसे लगातार अच्छा प्रदर्शन करने वाली टीम बन गई।
हालांकि हाल के वर्षों में टीम का प्रदर्शन उम्मीदों के अनुरूप नहीं रहा। सीएसके ने अपना आखिरी आईपीएल खिताब 2023 में जीता था। इसके बाद 2024 में टीम पांचवें स्थान पर रही, 2025 में आखिरी स्थान पर फिसल गई और 2026 सीजन में भी आठवें स्थान पर रहकर निराशाजनक प्रदर्शन किया।
फ्लेमिंग ने केवल आईपीएल ही नहीं, बल्कि सुपर किंग्स फ्रेंचाइजी की अन्य टीमों की भी कोचिंग की। एसए20 में जॉबर्ग सुपर किंग्स लगातार चारों सीजन प्लेऑफ में पहुंची, लेकिन फाइनल नहीं खेल सकी। वहीं मेजर लीग क्रिकेट (एमएलसी) में टेक्सास सुपर किंग्स पहले तीन सीजन प्लेऑफ तक पहुंची, लेकिन फाइनल में जगह नहीं बना सकी। 2026 एमएलसी में टीम अंतिम स्थान पर रही और प्लेऑफ में भी नहीं पहुंची।
सीएसके की मालिक रूपा गुरुनाथ ने एक आधिकारिक बयान में कहा, “स्टीफन फ्लेमिंग लगभग पूरे सफर में हमारी कोचिंग यूनिट की धड़कन रहे हैं। करीब दो दशकों तक उन्होंने हमारी पहचान, सोच और उत्कृष्टता की संस्कृति को आकार दिया। सुपर किंग्स परिवार की ओर से हम उनके समर्पण, जुनून और नेतृत्व के लिए दिल से आभार व्यक्त करते हैं। मैदान पर हमारा साथ भले ही खत्म हो रहा हो, लेकिन वह हमेशा इस फ्रेंचाइजी की विरासत का अभिन्न हिस्सा रहेंगे।”
फ्लेमिंग ने अपने विदाई संदेश में कहा, “खेल में 18 साल बहुत लंबा समय होता है और मैं यहां से केवल आभार के साथ जा रहा हूं। चेन्नई सुपर किंग्स के साथ बिताया गया समय मेरे कोचिंग करियर का सबसे बड़ा सम्मान रहा है। हमने साथ मिलकर अविस्मरणीय जीत हासिल कीं, कठिन दौर का सामना किया और ऐसी यादें बनाई जो हमेशा मेरे साथ रहेंगी। सीएसके हमेशा मेरे दिल के करीब रहेगा और आने वाले वर्षों में मैं इस टीम का सबसे बड़ा समर्थक बना रहूंगा।”
सीएसके के प्रबंध निदेशक केएस विश्वनाथन ने कहा, “शुरुआती दिनों से ही फ्लेमिंग ने केवल हमारी खेलने की शैली ही नहीं, बल्कि फ्रेंचाइजी की पूरी संस्कृति को आकार दिया। उन्होंने टीम में निरंतरता, विनम्रता और टीम को सबसे ऊपर रखने की परंपरा विकसित की। खिलाड़ियों को समझने और उनसे सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कराने की उनकी क्षमता उनकी सबसे बड़ी ताकत रही है। उनका प्रभाव केवल मैदान तक सीमित नहीं है और हमें उनके साथ यह शानदार सफर तय करने पर गर्व है।”