अमृतसर में 25 किलो हेरोइन बरामद, तीन तस्कर गिरफ्तार - सरस जनवाद

अमृतसर में 25 किलो हेरोइन बरामद, तीन तस्कर गिरफ्तार

Share

चंडीगढ़, 07 जुलाई । पंजाब पुलिस के काउंटर इंटेलिजेंस (सीआई) अमृतसर ने नशा तस्करी नेटवर्क से जुड़े तीन व्यक्तियों को गिरफ्तार करके इस गिरोह का भंडाफोड़ किया है। यह कार्रवाई सीआई अमृतसर ने एक दिन पहले दो नशा तस्करी नेटवर्क से जुड़े तीन व्यक्तियों को 13 किलो हेरोइन सहित गिरफ्तार किए जाने के बाद की गई है।

पंजाब के पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने मंगलवार काे बताया कि गांव जंडौर (होशियारपुर), निवासी भूपिंदर सिंह, कृपाल कॉलोनी, दसूहा (होशियारपुर) निवासी रवि कुमार और फतेहपुर, अमृतसर निवासी विशाल सिंह निवासी को गिरफ्तार किया गया है। हेरोइन की खेप बरामद करने के अलावा पुलिस टीमों ने इनकी हुंडई वर्ना कार भी जब्त कर ली है, जिसका इस्तेमाल नशा तस्करी के लिए किया जा रहा था। उन्होंने बताया कि यह सभी सीमा पार बैठे तस्कर के निर्देशों पर काम कर रहे थे तथा विभिन्न स्थानों से हेरोइन की खेप प्राप्त कर उसे पंजाब के अलग-अलग हिस्सों में पहुंचा रहे थे।

ऑपरेशन संबंधी जानकारी साझा करते हुए उन्होंने बताया कि सीआई अमृतसर की पुलिस टीमों को विश्वसनीय सूत्रों से सूचना मिली थी कि संदिग्ध भूपिंदर सिंह और रवि कुमार हेरोइन की बड़ी खेप के सौदे के लिए अमृतसर के गांव गिल स्थित मेहता रोड पर अपने साथी विशाल सिंह से मिलने वाले हैं।

उन्होंने बताया कि त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीमों ने नाकाबंदी की और अमृतसर के गांव गिल की दाना मंडी के पास से भूपिंदर सिंह, रवि कुमार और विशाल सिंह को हिरासत में ले लिया।

तलाशी के दौरान पुलिस ने विशाल सिंह के कब्जे से 8 किलो हेरोइन तथा भूपिंदर सिंह और रवि कुमार के कब्जे से 17 किलो हेरोइन बरामद की।

डीजीपी ने कहा कि मामले में शामिल सभी व्यक्तियों की पहचान करने और पूरी सप्लाई चेन का पर्दाफाश करने के लिए आगे की जांच जारी है।

इस संबंध में थाना स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल (एसएसओसी), अमृतसर में मामला दर्ज करके अगली कार्रवाई शुरू कर दी गई है।