जबलपुर : अनियंत्रित कार दीवार तोड़कर नाले पर लटकी, बड़ा हादसा टला - सरस जनवाद

जबलपुर : अनियंत्रित कार दीवार तोड़कर नाले पर लटकी, बड़ा हादसा टला

Share

जबलपुर, 07 जुलाई । मध्‍य प्रदेश के जबलपुर जिले के मदनमहल थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक बड़ा हादसा टल गया, जब तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर एक मकान की दीवार तोड़ते हुए नाले के ऊपर जाकर लटक गई। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए कार में फंसी युवती को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

जानकारी के अनुसार मंगलवार को कार क्रमांक एमपी-20-सीएच-4284 मदनमहल से एलआईसी कार्यालय की ओर जा रही थी। इसी दौरान चालक युवती का वाहन से नियंत्रण हट गया और कार सीधे एक मकान की दीवार तोड़ते हुए नाले के ऊपर जा अटकी। टक्कर की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग अपने घरों से बाहर निकल आए और राहगीरों में भी हड़कंप मच गया।

प्रत्यक्षदर्शियों ने तुरंत कार का दरवाजा खोलकर युवती को सुरक्षित बाहर निकाला। घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। स्थानीय लोगों के अनुसार हादसे के समय दीवार के पास कोई मौजूद नहीं था। यदि वहां लोग खड़े होते या घर में कोई बाहर निकल रहा होता, तो बड़ा हादसा हो सकता था। सूचना मिलने पर मदनमहल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

हालांकि किसी भी पक्ष ने शिकायत दर्ज नहीं कराई, इसलिए पुलिस आवश्यक कार्रवाई के बाद लौट गई। घटना की जानकारी मिलते ही युवती के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। बाद में क्रेन की सहायता से क्षतिग्रस्त कार को नाले से बाहर निकाला गया। युवती ने बताया कि वाहन चलाते समय गलती से उसका पैर ब्रेक की बजाय एक्सीलेटर पर पड़ गया, जिससे कार की रफ्तार अचानक बढ़ गई और वह वाहन पर नियंत्रण खो बैठी।