वाराणसी के शिवपुर सड़क हादसे में महिला की मौत - सरस जनवाद

वाराणसी के शिवपुर सड़क हादसे में महिला की मौत

Share

वाराणसी, 07 जुलाई । उत्तर प्रदेश में वाराणसी शिवपुर थाना क्षेत्र के शुद्धिपुर में मंगलवार सुबह एक सड़क हादसे में सड़क पार कर रही महिला की रोडवेज बस की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद बस चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान आकांक्षा श्रीवास्तव पत्नी राहुल बसाक, निवासी अशोक विहार कॉलोनी, शिवपुर के रूप में हुई है। आकांक्षा मंगलवार सुबह अपनी बेटी को गिलट बाजार स्थित संत अतुलानंद स्कूल छोड़ने के बाद पैदल घर लौट रही थीं। इसी दौरान शुद्धिपुर स्थित आद्रिका होटल के समीप सड़क पार करते समय वाराणसी से जौनपुर की ओर जा रही तेज रफ्तार रोडवेज बस ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। बस महिला को कुचलते हुए कुछ दूरी तक आगे बढ़ गई। प्रत्यक्षदर्शियों के शोर मचाने पर चालक ने कुछ दूर जाकर बस रोक दी और वह मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही शिवपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बस को कब्जे में ले लिया। वहीं, हादसे की खबर मिलते ही मृतका के परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस के अनुसार फरार बस चालक की तलाश कर रही है तथा मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।