देहरादून, 5 जुलाई (हि. स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने बद्रीनाथ मंदिर में चढ़ावे से जुड़े कथित प्रकरण पर जांच पूरी होने से पहले किसी भी निष्कर्ष पर नहीं पहुंचने की अपील की है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच जारी है और रिपोर्ट आने के बाद तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्होंने यात्रा सीजन के दौरान धामों की छवि को नुकसान पहुंचाने वाली टिप्पणियों से बचने की सलाह दी।
महेंद्र भट्ट ने रविवार को जारी बयान में कहा कि जैसे ही कथित अनियमितता की जानकारी मिली, सरकार ने तत्काल जांच शुरू कर दी। उन्होंने कहा कि सभी पक्षों से पूछताछ और साक्ष्यों की जांच की जा रही है तथा दोषी पाए जाने पर कठोर कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि जांच पूरी होने से पहले सोशल मीडिया पर कयासों और अपुष्ट तथ्यों के आधार पर चर्चा करना उचित नहीं है। उनका कहना था कि ऐसे प्रयासों से लोगों की धार्मिक आस्था प्रभावित हो सकती है और देवभूमि की छवि को नुकसान पहुंच सकता है।
उन्होंने विपक्ष पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि कुछ राजनीतिक दल इस मुद्दे का राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास कर रहे हैं। भट्ट ने कहा कि पहले भी केदारनाथ मंदिर को लेकर भ्रामक प्रचार किया गया था और जनता ने उसका जवाब चुनावों में दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग सनातन धर्म और धार्मिक आस्थाओं को लेकर “घड़ियाली आंसू” बहा रहे हैं तथा यात्रा को प्रभावित करने का प्रयास कर रहे हैं।
….