बस से पटना ले जाई जा रही 47 लाख की हेरोइन जब्त, महिला समेत तीन तस्कर गिरफ्तार - सरस जनवाद

बस से पटना ले जाई जा रही 47 लाख की हेरोइन जब्त, महिला समेत तीन तस्कर गिरफ्तार

Share

किशनगंज, 05 जुलाई । किशनगंज में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 232.72 ग्राम हेरोइन के साथ एक महिला समेत तीन अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है।

बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 47 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपियों के पास से चार मोबाइल फोन और 6,890 रुपये नकद भी बरामद किए हैं।

रविवार को आयोजित प्रेसवार्ता में एसडीपीओ-1 खुसरू सिराज ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि हेरोइन की एक बड़ी खेप पश्चिम बंगाल के सिलिगुड़ी होते हुए किशनगंज के रास्ते बस से पटना ले जाई जा रही है।

सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देश पर एसडीपीओ-1 के नेतृत्व में एएनटीएफ की विशेष टीम गठित की गई। टीम ने फरिंगगोला चेकपोस्ट के समीप विशेष वाहन जांच अभियान चलाया।

जांच के दौरान किशनगंज की ओर आ रही एक यात्री बस को रोककर दंडाधिकारी की मौजूदगी में तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान तीन संदिग्धों के पास से अलग-अलग पैकेटों में कुल 232.72 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान झारखंड के कोडरमा निवासी माया देवी, वैशाली जिले के विदुपुर थाना क्षेत्र के गोविंदपुर निवासी सोनू कुमार तथा जोरावनपुर निवासी गौतम कुमार के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे असम के गुवाहाटी से हेरोइन की खेप लेकर पटना जा रहे थे। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी लंबे समय से संगठित गिरोह बनाकर मादक पदार्थों की तस्करी कर रहे थे।

पुलिस के अनुसार गिरोह का नेटवर्क असम, पश्चिम बंगाल और बिहार सहित कई राज्यों तक फैला हुआ है।

पुलिस ने तीनों आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।