रेवाड़ी में स्वास्थ्य मंत्री आवास घेरने पहुंचे एमपीएचई कर्मचारी, मांगों पर सरकार को दी चेतावनी - सरस जनवाद

रेवाड़ी में स्वास्थ्य मंत्री आवास घेरने पहुंचे एमपीएचई कर्मचारी, मांगों पर सरकार को दी चेतावनी

Share

रेवाड़ी, 05 जुलाई । बहुउद्देशीय स्वास्थ्य कर्मचारी (एमपीएचई) एसोसिएशन हरियाणा के बैनर तले रविवार को प्रदेशभर से पहुंचे कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव के आवास के बाहर रोष प्रदर्शन किया। कर्मचारी पहले नेताजी सुभाष चंद्र पार्क में एकत्रित हुए और नारेबाजी करते हुए स्वास्थ्य मंत्री के आवास की ओर कूच किया।

एसोसिएशन की प्रदेश अध्यक्ष शर्मिला देवी, महासचिव सहदेव आर्य सांगवान तथा राज्य प्रवक्ता संदीप कुंडू ने कहा कि कर्मचारियों की मांगों को लेकर स्वास्थ्य मंत्री को कई ज्ञापन और पांच स्मरण पत्र सौंपे जा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इससे कर्मचारियों में भारी नाराजगी है।

प्रदर्शनकारियों ने एनएचएम के तहत कार्यरत महिला एमपीएचडब्ल्यू कर्मचारियों को न्यायालय के आदेशानुसार नियमित करने, एफपीएल-6 वेतनमान लागू करने, एमसीएचए ड्रेस एवं यात्रा भत्ता, सेवानिवृत्ति लाभ, तबादला नीति लागू करने, शहरी क्षेत्रों में आईपीएचएस मानकों के अनुसार पद सृजित करने, नियमित भर्ती, पदनाम संशोधन, प्रोबेशन पूरा कर चुके कर्मचारियों की पुष्टि, प्रोमोशनल स्केल तथा वर्ष 2020-23 की लंबित एलटीसी जारी करने सहित कई मांगें उठाईं।

स्वास्थ्य मंत्री के आवास की ओर बढ़ रहे कर्मचारियों को सर्कुलर रोड स्थित महाराजा अग्रसेन चौक पर पुलिस ने बैरिकेडिंग कर रोक दिया। इसके बाद कर्मचारी वहीं सड़क पर बैठ गए और धरना शुरू कर दिया। प्रदर्शन के कारण कुछ समय तक सर्कुलर रोड पर यातायात प्रभावित रहा।