आय से अधिक संपत्ति मामले में मोहाली अदालत में पेश हुए बिक्रम सिंह मजीठिया - सरस जनवाद

आय से अधिक संपत्ति मामले में मोहाली अदालत में पेश हुए बिक्रम सिंह मजीठिया

Share

चंडीगढ़, 04 जुलाई । पंजाब के पूर्व मंत्री और अकाली नेता बिक्रम सिंह मजीठिया शनिवार को आय से अधिक संपत्ति मामले में मोहाली अदालत में पेश हुए। पेशी के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए मजीठिया ने पंजाब सरकार और मुख्यमंत्री भगवंत मान पर निशाना साधा।

मजीठिया ने आरोप लगाया कि उन्हें फंसाने के लिए पूरी कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान उनके केस में खुद जांच अधिकारी की तरह भूमिका निभा रहे हैं। मजीठिया ने कहा कि सरकार लोगों का ध्यान असली मुद्दों से भटकाने के लिए रोज नई कार्रवाई कर रही है।

बेअदबी मामले में नई एसआईटी के गठन को लेकर भी मजीठिया ने सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि यह सब लोगों का ध्यान भटकाने की कोशिश है। उन्होंने यह भी दावा किया कि मुख्यमंत्री की कथित वीडियो मामले में हरियाणा पुलिस ने यादव नामक एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।

इसी दौरान मजीठा थाना हमला मामले में अकाली नेता बिक्रम सिंह मजीठिया और उनके दो साथियों को अदालत से पक्की जमानत मिल गई है। इस मामले में बीते दिन अदालत ने सुनवाई के बाद फैसला सुरक्षित रख लिया था। आज दोबारा सुनवाई के दौरान अदालत ने बिक्रम सिंह मजीठिया, एसजीपीसी सदस्य जोध सिंह समरा और अकाली नेता जतिंदर सिंह को पक्की जमानत देने के आदेश जारी किए।

इससे पहले अदालत ने इस मामले में मजीठिया को अंतरिम जमानत दी थी। पुलिस जांच में शामिल होने के बाद उनकी ओर से पक्की जमानत के लिए याचिका दायर की गई थी, जिस पर सुनवाई के बाद अदालत ने राहत दे दी।