महापौर ने युवा व्यापारियों से संवाद कर शहर के विकास में सहभागिता का किया आह्वान - सरस जनवाद

महापौर ने युवा व्यापारियों से संवाद कर शहर के विकास में सहभागिता का किया आह्वान

Share

हल्द्वानी , 29 जून । हल्द्वानी में आयोजित “यंग बिजनेस मीट विद मेयर” कार्यक्रम में महापौर गजराज बिष्ट ने शहर के युवा व्यापारी बंधुओं से संवाद कर उनके विचार, सुझाव एवं अनुभव सुने तथा हल्द्वानी के भविष्य के निर्माण को लेकर चर्चा की। कार्यक्रम का उद्देश्य युवा उद्यमियों को नगर विकास की प्रक्रिया में सक्रिय भागीदार बनाना तथा स्वरोजगार एवं आत्मनिर्भरता के माध्यम से नए अवसरों को बढ़ावा देना रहा।

गजराज बिष्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता को प्राथमिकता दी है, जिससे स्थानीय युवाओं के लिए अनेक अवसर सृजित हुए हैं। उन्होंने व्यापारिक समुदाय से नगर विकास से जुड़े सुझाव साझा करने तथा नगर नियोजन, बुनियादी सुविधाओं, सड़क एवं यातायात प्रबंधन, स्वच्छता तथा लघु उद्योगों के लिए बेहतर सुविधाओं के निर्माण में सहयोग की अपील की महापौर ने कहा कि युवा व्यापारियों की सक्रिय भागीदारी से न केवल आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि शहर के समग्र विकास को भी नई गति प्राप्त होगी।

कार्यक्रम में उपस्थित युवा व्यापारियों एवं नव मतदाताओं ने भी अपने विचार और सुझाव रखे। इनमें गौलापार को ग्रेटर नोएडा की तर्ज पर “ग्रेटर हल्द्वानी” के रूप में विकसित करने, रोजगार सृजन हेतु औद्योगिक केंद्र स्थापित करने, व्यावसायिक प्रशिक्षण केंद्रों की स्थापना, स्थानीय बाजारों के आधुनिकीकरण, डिजिटल प्लेटफॉर्म पर व्यापारिक सहायता तथा युवाओं के लिए वित्तीय एवं परामर्श सुविधाओं के विस्तार जैसे महत्वपूर्ण सुझाव शामिल रहे। महापौर ने सभी उपस्थितजनों को नगर विकास की विभिन्न योजनाओं में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि प्राप्त सुझावों को आगामी बैठकों में समेकित कर कार्य योजना तैयार की जाएगी और उन्हें चरणबद्ध तरीके से लागू करने का प्रयास किया जाएगा।