काठमांडू, 29 जून । नेपाल की विशेष अदालत ने मनी लॉन्ड्रिंग मामले में पूर्व वित्त मंत्री विष्णु पौडेल की न्यायिक हिरासत तीन दिन के लिए बढ़ा दी है।
विशेष अदालत के अध्यक्ष टेक नारायण कुंवर तथा न्यायाधीश नारायण प्रसाद पौडेल और हेमन्त रावल की संयुक्त पीठ ने अदालत ने जांच अधिकारियों के अनुरोध पर हिरासत अवधि बढ़ाने का फैसला सुनाया। अदालत ने कहा कि मामले की गंभीरता और जांच की प्रकृति को देखते हुए पूछताछ के लिए अतिरिक्त समय आवश्यक है। इसी आधार पर जांच एजेंसियों को तीन दिन और प्रदान किए गए हैं, ताकि मामले से जुड़े तथ्यों को गहराई से खंगाला जा सके।
अदालत के आदेश के अनुसार जांच जारी रहने तक विष्णु पौडेल न्यायिक हिरासत में ही रहेंगे। वर्तमान में उन पर मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े आरोपों की जांच चल रही है।
पूर्व वित्त मंत्री पौडेल फिलहाल मनी लॉन्ड्रिंग से संबंधित आरोपों के घेरे में हैं। जांच एजेंसियां वित्तीय लेनदेन, संपत्ति के स्रोत और संभावित अनियमितताओं की जांच कर रही हैं। पिछले हफ्ते रविवार को ही उन्हें उस वक्त गिरफ्तार किया गया था, जब वो पार्टी के एक कार्यक्रम में सहभागी होने के लिए मंच पर मौजूद थे।
सुर्खेत से गिरफ्तार कर पौडेल को सड़कमार्ग से गत सप्ताह सोमवार को काठमांडू लाया गया और उसी दिन अदालत में पेश किया गया था, जहां उन्हें पांच दिन की हिरासत में जेल भेजा गया। आज उनकी दूसरी बार पेशी थी।