रायपुर : पुराने विवाद में चाकूबाजी, दो आरोपित गिरफ्तार

Share

रायपुर, 26 जून । थाना डीडी नगर पुलिस ने पुराने विवाद को लेकर मारपीट और चाकू से जानलेवा हमला करने के मामले में दो आरोपितों को घटना के कुछ ही घंटों के भीतर आज शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लोहे का चाकू भी बरामद कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, प्रार्थी ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह शाम के समय अपने भाई के साथ पेट्रोल भराने जा रहा था। इसी दौरान श्रीराम अस्पताल के पीछे डंगनिया क्षेत्र में पुराने विवाद को लेकर आरोपितों ने रास्ता रोककर गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई और इसी दौरान एक आरोपित ने चाकू से हमला कर दिया, जिससे पीड़ित घायल हो गया। घायल को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।

मामले में थाना डीडी नगर ने अपराध क्रमांक 396/26 के तहत धारा 296, 115(2), 109(1) एवं 3(5) बीएनएस के अंतर्गत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की।

पुलिस टीम ने पीड़ित एवं गवाहों के बयान, घटनास्थल का निरीक्षण तथा तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपितों को पकड़ लिया गया। पूछताछ के दौरान आरोपितों ने घटना को स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लोहे का चाकू जब्त किया गया।

पुलिस ने मामले में सावन यादव उर्फ मुन्ना यादव (19 वर्ष) तथा राज यादव उर्फ अमन यादव (20 वर्ष) को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।