राजस्थान पुलिस में बड़ा फेरबदल: 34 एसआई के तबादले

Share

जयपुर, 24 जून । राजस्थान पुलिस मुख्यालय ने बुधवार को बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 34 उप निरीक्षकों (एसआई) के तबादला आदेश जारी किए हैं। महानिरीक्षक पुलिस (मुख्यालय) राहुल कोटोकी द्वारा जारी आदेशों के अनुसार गृह जिला नीति एवं प्रशासनिक आवश्यकताओं के तहत यह स्थानांतरण किए गए हैं।

आदेश के मुताबिक, जोधपुर पुलिस कमिश्नरेट में कार्यरत आठ उप निरीक्षकों को प्रशासनिक आधार पर जोधपुर रेंज में स्थानांतरित किया गया है। वहीं एक उप निरीक्षक को सेवानिवृत्ति में दो वर्ष से कम अवधि शेष होने के कारण जोधपुर कमिश्नरेट में नॉन-फील्ड पद पर पदस्थापित किया गया है।

जयपुर पुलिस कमिश्नरेट में कार्यरत कई उप निरीक्षकों को प्रशासनिक आधार पर सीआईडी (सीबी) और सिविल राइट्स (सीआईडी-सीबी) में स्थानांतरित किया गया है। इनमें अर्जुन लाल, बाबूलाल, दिलीप सिंह, रज्जाक अहमद और रामेश्वर लाल सहित कई अधिकारी शामिल हैं।

तबादला सूची के अनुसार कुछ अधिकारियों को जयपुर कमिश्नरेट से अजमेर रेंज और जयपुर रेंज में भी भेजा गया है। ओमप्रकाश, राजेंद्र सिंह और रामकिशोर को अजमेर रेंज में पदस्थापित किया गया है, जबकि सरदारमल को जयपुर रेंज में लगाया गया है।

पुलिस मुख्यालय ने उन अधिकारियों को विशेष राहत दी है जिनकी सेवानिवृत्ति में दो वर्ष से कम समय शेष है। ऐसे कई उप निरीक्षकों को जयपुर पुलिस आयुक्तालय के नॉन-फील्ड पदों पर नियुक्त किया गया है। इनमें कमलेश कुमारी, शारदा देवी, अब्दुल सलीम, भैरूराम, गोपाल लाल, साबिर खान और गीता देवी के नाम शामिल हैं।

पुलिस मुख्यालय के अनुसार सभी तबादले गृह जिला नीति के अनुरूप और प्रशासनिक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए किए गए हैं। संबंधित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नवीन पदस्थापन स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।