जगदलपुर, 24 जून । किरंदुल-कोत्तावलसा रेल लाइन पर रेलवे के सुरक्षा संबंधी आधुनिकीकरण और डबलिंग कार्य के चलते विशाखापट्टनम-किरंदुल रूट पर चलने वाली पैसेंजर ट्रेनों के संचालन में अस्थाई बदलाव किया गया है। ईको रेलवे ने 26 जून से तीन जुलाई तक कुछ ट्रेनों को दंतेवाड़ा स्टेशन तक सीमित करने और वहीं से संचालित करने का फैसला लिया है। विशाखापट्टनम-किरंदुल रूट पर चलने वाली पैसेंजर किरंदुल नहीं जायेगी। इसी वजह से विशाखापट्टनम-किरंदुल पैसेंजर और नाइट एक्सप्रेस ट्रेनों का संचालन अस्थाई रूप से प्रभावित रहेगा।
26 जून से 2 जुलाई तक चलने वाली ट्रेन संख्या 58501 विशाखापट्टनम-किरंदुल पैसेंजर किरंदुल तक नहीं जाएगी और दंतेवाड़ा स्टेशन पर ही यात्रा समाप्त करेगी। वहीं, 27 जून से 3 जुलाई तक ट्रेन संख्या 58502 किरंदुल-विशाखापट्टनम पैसेंजर किरंदुल के बजाय दंतेवाड़ा स्टेशन से रवाना होगी। इसी तरह, 25 जून से 2 जुलाई तक ट्रेन संख्या 18515 विशाखापट्टनम-किरंदुल नाइट एक्सप्रेस भी दंतेवाड़ा तक ही संचालित होगी। जबकि 26 जून से 3 जुलाई तक ट्रेन संख्या 18516 किरंदुल-विशाखापट्टनम नाइट एक्सप्रेस किरंदुल के स्थान पर दंतेवाड़ा से शुरू होगी।
रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी वाई. बालाजी किरण ने बुधवार काे यात्रियों से यात्रा की योजना बनाने से पहले संशोधित समय-सारिणी की जानकारी लेने की अपील की है। रेलवे ने असुविधा के लिए खेद जताते हुए कहा है कि यह बदलाव यात्रियों की सुरक्षा और रेलवे अधोसंरचना को मजबूत करने के उद्देश्य से किया गया है।