तरैया में अवैध हथियार और कारतूस के साथ तीन युवक गिरफ्तार

Share

सारण, 23 जून । तरैया पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक देशी पिस्टल, चार जिंदा कारतूस और एक मोटरसाइकिल के साथ तीन युवकों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि पचरौर बाजार से रसीदपुर जाने वाले मार्ग पर अवैध हथियार की खरीद-बिक्री होने वाली है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने जाल बिछाया और तीनमुहानी के पास सघन घेराबंदी की। इसी दौरान वहां एक बाइक के पास खड़े तीन संदिग्धों ने पुलिस बल को देखकर भागने की कोशिश की, लेकिन जवानों ने उन्हें खदेड़कर पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से हथियार और कारतूस बरामद हुए।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रसीदपुर निवासी सैयद साजिद, अंधरबाड़ी के सद्दाम हुसैन और छोटा माधोपुर के हाजी अली के रूप में की गई है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, पकड़े गए अभियुक्तों में शामिल सैयद साजिद का पहले से भी आपराधिक इतिहास रहा है और वह कई मामलों में संलिप्त है। पुलिस ने इस संबंध में आर्म्स एक्ट के तहत कांड संख्या 272/26 दर्ज कर ली है और सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने के साथ आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।