सात साल से फरार 25 हजार का इनामी तस्कर रमेश बंजारा एमपी से गिरफ्तार

Share

चित्तौड़गढ़, 22 जून । एएनटीएफ ने सात साल से फरार चल रहे 25 हजार रुपए के इनामी तस्कर रमेश बंजारा को मध्यप्रदेश के नीमच से गिरफ्तार किया है। आरोपी कंबल बेचने की आड़ में राजस्थान, गुजरात, मध्यप्रदेश और तमिलनाडु में डोडा-चूरा तस्करी का बड़ा नेटवर्क चला रहा था। भाई बहादुर की शक्ल से मिलते-जुलते चेहरे का फायदा उठा कर पुलिस को दो बार गच्चा दे चुका था। ससुराल में मृत्युभोज से लौटते वक्त एएनटीएफ ने उसे दबोचा।

महानिरीक्षक पुलिस विकास कुमार ने बताया कि नीमच जिले के मनासा थाना क्षेत्र के जुना मालाहेड़ा निवासी रमेश बंजारा अनपढ़ है और बाइक पर राजस्थान-गुजरात में कंबल बेचता था। मेहनत की कमाई से शौक पूरे नहीं हुए तो एक तस्कर से दोस्ती कर नशे के कारोबार में उतर गया। दिन में बहादुर बन कर कंबल बेचता और रात में रमेश बन कर नशे की खेप पहुंचाता था। आरोपी कंबल बेचने के बहाने बाइक से चार राज्यों में घूमता और एजेंट बनाता। उन्हें मोटे पैसे का लालच देकर डोडा-चूरा की तस्करी करवाता। धीरे-धीरे घर से ही नेटवर्क चलाने लगा और बड़ी मात्रा में डोडा-चूरा की खरीद-फरोख्त कर बाहरी राज्यों में सप्लाई करने लगा।

भाई का नाम लेकर पुलिस को देता रहा गच्चा

रमेश और उसके भाई बहादुर की शक्ल मिलती-जुलती है। पुलिस से बचने के लिए वह खुद को बहादुर बताता और भाई का आधार कार्ड दिखा देता। एएनटीएफ टीम को भी दो बार गच्चा दे चुका था। हर कोई उसकी बातों में आ जाता और वह ठसक से घर में ही बैठा रहता।

ससुराल में सूत्र बनाया, 7 दिन में खुला राज

एएनटीएफ ने रमेश की ससुराल गुंदारेत गांव में सूत्र बनाया। पता चला कि रमेश और बहादुर भाई हैं। टीम ने दो टीमें बनाईं- एक बहादुर के पीछे, दूसरी रमेश पर नजर रखने लगी। जानकारी मिली कि रमेश की पत्नी के रिश्तेदार की मृत्यु हो गई है और वह मृत्युभोज में आएगा। रमेश पत्नी के साथ बाइक से ससुराल पहुंचा। राजस्थान में घुसते ही कच्चे रास्तों से छुपता रहा, लेकिन मध्यप्रदेश लौटते ही मुख्य मार्ग पर इत्मीनान से चलने लगा। एएनटीएफ ने घेराबंदी कर रोका। पूछताछ में उसने खुद को बहादुर बताया। पीछे बैठी पत्नी ने भी उसे जेठ बताया। टीम ने पूछा जेठ है तो पति ससुराल क्यों नहीं आया। महिला ने उसके कंधे पर हाथ रखा था, जिससे साफ हुआ कि वह जेठ नहीं है। पुख्ता जानकारी के आधार पर टीम ने रमेश को धर दबोचा। पुलिस एमपी के नीमच जिले में चारभुजा की बारहठ जुना मालाहेड़ा निवासी रमेश बंजारा पुत्र गोमा बंजारा से पूछताछ में जुटी है।