मप्र के छिंदवाड़ा में पिकअप और ट्रक के बीच भिड़ंत, 5 मजदूरों की मौत और 18 घायल

Share

छिंदवाड़ा, 22 जून । मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले में नेशनल हाइवे पर सावरी पुलिस चौकी क्षेत्र में सोमवार को मजदूरों से भरे पिकअप वाहन और बेकाबू ट्रक के बीच सीधी भिड़ंत हो गई। इस हादसे में पांच मजदूरों की मौत हो गई जबकि 18 से ज्यादा घायल हैं, जिन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के अनुसार, हादसा छिंदवाड़ा-बैतूल नेशनल हाइवे पर ग्राम टेमनी खुर्द के पास सोमवार सुबह करीब 10 बजे हुआ। यहां पिकअप वाहन सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गया। हादसा इतना भीषण था कि पिकअप के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार मजदूर दूर जा गिरे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस एवं प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को 108 एम्बुलेंस की सहायता से नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया।

सावरी पुलिस चौकी प्रभारी मुकेश द्विवेदी ने बताया कि पिकअप वाहन में बड़ी संख्या में मजदूर सवार थे। हादसे में पांच लोगों की मौत हुई है और करीब 18 लोग घायल बताए जा रहे हैं। कई घायलों की हालत गंभीर है, जिन्हें आईसीयू में शिफ्ट किया गया है। मृतकों की पहचान अभी नहीं हो पाई है। मृतकों में तीन महिलाएं भी शामिल हैं।

हादसे की जानकारी मिलने पर एसडीएम धीरेंद्र सिंह अस्पताल पहुंचे और घटना के संबंध मे जानकारी ली। उन्होंने घायलों के समुचित उपचार की व्यवस्था करने के निर्देश चिकित्सकों को दिए।

पुलिस फिलहाल हादसे के कारणों की जांच में जुटी है। शुरुआती तौर पर जांच में यह बात सामने आई है कि तेज रफ्तार और आमने-सामने की टक्कर के कारण यह हादसा हुआ। माना जा रहा है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है, क्योंकि कई घायलों की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है।

हादसे की सूचना मिलने पर पांढुर्ना विधायक नीलेश ऊइके मौके पर पहुंच गए। उन्होंने बताया कि ‘छिंदवाड़ा-बैतूल हाईवे पर बड़ा भयंकर हादसा हुआ है। कई लोग घायल हुए हैं, जिनका अस्पताल में घायलों का इलाज चल रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।