वाटरवेज लीजर टूरिज्म का आईपीओ 23 जून को खुलेगा, प्राइस बैंड 769-808 रुपये प्रति शेयर

Share

नई दिल्ली/मुंबई, 18 जून । कॉर्डेलिया क्रूज का संचालन करने वाली कंपनी वॉटरवेज लीजर टूरिज्म लिमिटेड का आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) मंगलवार, 23 जून को खुलेगा। इसमें निवेश के लिए निवेशक 25 जून तक बोली लगा सकते हैं। इसके लिए मूल्य दायरा (प्राइस बैंड) 769-808 रुपये प्रति शेयर तय किया गया है।

कंपनी ने गुरुवार को यहां आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान बताया कि यह आईपीओ 23 जून को खुलेगा और 25 जून को बंद होगा। वॉटरवेज लीजर टूरिज्म लिमिटेड ने इसके लिए मूल्य दायरा (प्राइस बैंड) 769-808 रुपये प्रति शेयर तय किया है। इस निर्गम के जरिये कंपनी का लक्ष्य 585 करोड़ रुपये तक जुटाने का है।

वॉटरवेज लीजर टूरिज्म लिमिटेड के 10 रुपये फेस वैल्यू वाले इस इश्यू में निवेशक न्यूनतम 18 इक्विटी शेयरों के लिए बोली लगा सकेंगे और इसके बाद 18-18 शेयरों के गुणकों में बोली लगानी होगी। यह आईपीओ पूरी तरह से 585 करोड़ रुपये के नए निर्गम के रूप में होगा।

कंपनी ने बताया कि नए निर्गम से प्राप्त रकम में से 480 करोड़ रुपये का उपयोग इसकी अनुषंगी कंपनी बेक्रूज शिपिंग एंड लीजिंग (आईएफएससी) प्राइवेट लिमिटेड (बेक्रूज आईएफएससी) को लीज किराये के अग्रिम भुगतान तथा मासिक लीज भुगतान के लिए किया जाएगा, जबकि शेष राशि का उपयोग सामान्य कॉरपोरेट उद्देश्यों के लिए किया जाएगा।

कॉर्डेलिया क्रूज का संचालन करने वाली वॉटरवेज लीजर टूरिज्म लिमिटेड अभी एक क्रूज वेसल, एमवी एम्प्रेस, चलाती है। इसके लॉन्च के बाद से 730,819 मेहमानों ने इसके क्रूज़ वेसल पर यात्रा की है। इस कंपनी का क्रूज वेसल मुख्य रूप से मुंबई, गोवा, कोच्चि, चेन्नई, लक्षद्वीप, विशाखापत्तनम और पुडुचेरी जैसे घरेलू डेस्टिनेशन तक जाता है।