बरेली : रिश्वत लेते एंटी करप्शन ने रंगे हाथ पकड़ा संग्रह अमीन

Share

बरेली, 18 जून । भ्रष्टाचार निवारण संगठन (एंटी करप्शन) की बरेली टीम ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए तहसील सदर में तैनात संग्रह अमीन को पांच हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपित ने एक फाइल पर रिपोर्ट लगाकर आगे बढ़ाने के एवज में शिकायतकर्ता से रिश्वत मांगी थी।

भ्रष्टाचार निवारण संगठन के अनुसार, भुता थाना क्षेत्र के अमलोनीपुर गांव निवासी जोरावर सिंह (55) बरेलीसदर तहसील में संग्रह अमीन के पद पर तैनात है। सम्राट अशोक नगर, नवादा जोगिया निवासी सुरेश चंद्र ने संगठन से शिकायत की थी कि उन्होंने एनपीएस खाते से भूखंड खरीदने के लिए धन निकासी का आवेदन किया था। आरोप है कि आवेदन पर रिपोर्ट लगाकर फाइल आगे बढ़ाने के लिए संग्रह अमीन ने पांच हजार रुपये की रिश्वत मांगी।

शिकायत का सत्यापन कराने के बाद भ्रष्टाचार निवारण संगठन की टीम ने जाल बिछाया। गुरुवार दोपहर करीब 2:45 बजे तहसील सदर स्थित कैंटीन में शिकायतकर्ता से पांच हजार रुपये लेते समय आरोपित को रंगे हाथ दबोच लिया गया। टीम ने रिश्वत की रकम भी बरामद कर ली।

कार्रवाई के बाद आरोपित को कोतवाली लाया गया, जहां उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया गया। मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

भ्रष्टाचार निवारण संगठन बरेली के निरीक्षक जितेंद्र सिंह ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद नियमानुसार जांच कराई गई थी। शिकायत सही पाए जाने पर ट्रैप की कार्रवाई की गई। संग्रह अमीन जोरावर सिंह को पांच हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है। भ्रष्टाचार के मामलों में संगठन की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।———–