बस्तर की सबसे महंगी सब्जी बोड़ा की आमद बाजार में हाेने लगी

Share

जगदलपुर, 17 जून । बस्तर के साल वनाें में मिलने वाले दुर्लभ वन उत्पाद ‘बोड़ा’, जो मानसून की शुरुआती फुहारों के साथ जंगलों में प्राकृतिक रूप से उगता है। इस वर्ष भी बस्तर की सबसे मंहंगी सब्जी बोड़ा की आमद बाजार में शुरू हो चुकी है। बोड़ा एक विशेष प्रकार का फंगस है, जो प्राकृतिक रूप से साल वृक्ष की जड़ों के आस-पास मानसून की शुरुआती बारिश के बाद इसकी पैदावार शुरू होती है। इसकी खासियत यह है कि लगभग एक महिने तक मिलने वाला बाेड़ा यह पूरी तरह प्राकृतिक वातावरण में पैदा होता है और कृत्रिम रूप से इसकी खेती संभव नहीं है।

बस्तर के ग्रामीण जंगलों से बोड़ा एकत्रित कर इसे स्थानीय हाट-बाजारों में बेचते हैं। बोड़ा की ऊंची कीमत के कारण यह ग्रामीणाें के लिए अतिरिक्त आय का महत्वपूर्ण स्रोत भी बन जाता है। स्थानिय जानकाराें के अनुसार बोड़ा की खेती नहीं की जा सकती और यह केवल मानसून की शुरुआती अनुकूल प्राकृतिक परिस्थितियों में ही उगता है। इसकी उपलब्धता सीमित होने के कारण बाजार में मांग और आपूर्ति के बीच बड़ा अंतर बना रहता है। यही वजह है कि इसकी कीमत हजारों रुपये प्रति किलो बनी रहती है।