सूरजपुर : केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर तीन दिवसीय फोटो प्रदर्शनी का शुभारंभ

Share

सूरजपुर, 17 जून । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जनसंपर्क विभाग द्वारा आज बुधवार को आयोजित तीन दिवसीय फोटो प्रदर्शनी का शुभारंभ सूरजपुर के ओल्ड बस स्टैंड परिसर में किया गया। 17 से 19 जून तक आयोजित होने वाली इस प्रदर्शनी का उद्घाटन सांसद चिंतामणि महाराज ने किया।

प्रदर्शनी में बीते 12 वर्षों के दौरान देश में हुए विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा विभिन्न उपलब्धियों को आकर्षक छायाचित्रों और जानकारी के माध्यम से प्रदर्शित किया गया है। साथ ही एलईडी स्क्रीन के जरिए भी शासन की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जा रही है।

उद्घाटन अवसर पर सांसद चिंतामणि महाराज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने विकास और जनकल्याण के क्षेत्र में कई ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि विभिन्न योजनाओं और नीतियों का लाभ समाज के सभी वर्गों तक पहुंचा है, जिससे लोगों के जीवन स्तर में सकारात्मक परिवर्तन आया है। उन्होंने प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए कहा कि यह आयोजन आमजन को शासन की योजनाओं और उपलब्धियों से अवगत कराने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने नागरिकों से प्रदर्शनी का अवलोकन कर देश की विकास यात्रा को समझने और विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने का आह्वान किया।

प्रदर्शनी में प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना, आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना, धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, पीएम श्री विद्यालय, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना तथा प्रधानमंत्री जनमन योजना सहित अनेक जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी चित्रों एवं विवरणों के माध्यम से प्रदर्शित की गई है। इसके अलावा आधारभूत संरचना विकास, डिजिटल भारत अभियान, स्वच्छता, स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला सशक्तिकरण और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में प्राप्त उपलब्धियों को भी प्रमुखता से दर्शाया गया है।

प्रदर्शनी का अवलोकन करने पहुंचे नागरिकों, विद्यार्थियों और जनप्रतिनिधियों ने प्रदर्शित तस्वीरों एवं जानकारियों में विशेष रुचि दिखाई। उन्होंने विभिन्न योजनाओं और उपलब्धियों से संबंधित जानकारी प्राप्त कर आयोजन की सराहना की।

कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी प्राप्त की। इस अवसर पर सत्यनारायण सिंह, रामकृपाल साहू, थालेश्वर साहू, अजय अग्रवाल, शशि तिवारी, कपिल पाण्डेय, शशिकांत गर्ग, अशोक सिंह, स्वाति संत सिंह, शैलेष अग्रवाल, संध्या सिंह, देवांती राजवाड़े, विजयनारायण राजवाड़े, अरविन्द मिश्रा, राजेश्वर तिवारी, मुकेश गर्ग, संस्कार अग्रवाल, विजय राजवाड़े, नीरज गुप्ता, दीपक गुप्ता, लीलू गुप्ता, भगवान मिश्रा, नीरज जिंदिया, मीना सिंह, सरोज साहू सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।