वीरपुर गोलीकांड: पीड़ित परिवार से मिले सांसद दिलेश्वर कामेंत

Share

सुपौल, 16 जून (हि स.)। जिले के वीरपुर में हुई चर्चित गोलीकांड की घटना के बाद सांसद दिलेश्वर कामेंत पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे।

उन्होंने शोकाकुल परिजनों को ढांढस बंधाते हुए मामले में दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और स्पीडी ट्रायल की अनुशंसा करने का आश्वासन दिया।जानकारी के अनुसार, रविवार को नगर पंचायत वीरपुर के वार्ड संख्या-5 स्थित एक चाय-नाश्ते की दुकान पर बनेलीपट्टी पंचायत के मुंशी पिपराही वार्ड संख्या-3 निवासी मिथिलेश कुमार मंडल की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।

आरोप है कि गांव के ही अर्जुन मंडल ने उन पर लगातार पांच राउंड फायरिंग की, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।पीड़ित परिवार से मुलाकात के दौरान मृतक के पिता गोपाल मंडल और भाई राजकुमार मंडल ने सांसद को बताया कि मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने से परिवार दहशत में है और लगातार धमकियां मिल रही हैं।

मृतक की पत्नी ने कहा कि उनके पति ही परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे और अब बच्चों के पालन-पोषण की चिंता सताने लगी है। सांसद ने परिजनों की बातें गंभीरता से सुनने के बाद पुलिस अधीक्षक से फोन पर बातचीत कर मामले की अद्यतन जानकारी ली। उन्हें बताया गया कि मुख्य आरोपी की तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है तथा नेपाल पुलिस के सहयोग और मोबाइल ट्रैकिंग के जरिए भी आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। सांसद दिलेश्वर कामेंत ने कहा कि इस घटना में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि दोषियों को जल्द सजा दिलाने के लिए स्पीडी ट्रायल की अनुशंसा की जाएगी।

इस दौरान उन्होंने समाज में बढ़ते नशे के प्रचलन पर भी चिंता जताई। उनका कहना था कि केवल पुलिस और एसएसबी के भरोसे इस समस्या पर पूरी तरह अंकुश नहीं लगाया जा सकता, बल्कि समाज और अभिभावकों को भी अपने बच्चों की गतिविधियों पर सतर्क निगरानी रखनी होगी।मौके पर मौजूद एसडीएम और एसडीपीओ के समक्ष सांसद ने घटना के चश्मदीद दुकानदार और मृतक की पत्नी का बयान केस डायरी में दर्ज करने का अनुरोध किया।

एसडीपीओ ने बताया कि मामले में नामजद पांच आरोपियों में से चार को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई जारी है।इस अवसर पर पूर्व विधायक लखन ठाकुर, जदयू प्रखंड अध्यक्ष अनिल कुमार खेवार, बनेलीपट्टी पंचायत की मुखिया सुशीला देवी, पैक्स अध्यक्ष गणेश यादव, विनोद महतो सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौजूद रहे।