नीट-यूजी परीक्षा की तैयारियों का डीसी और एसपी ने लिया जायजा, केंद्रों का किया निरीक्षण

Share

पश्चिमी सिंहभूम, 14 जून । राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट-यूजी) 2026 के सफल, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण आयोजन को सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में रविवार को उपायुक्त मनीष कुमार और पुलिस अधीक्षक अमित रेणु ने जिले के निर्धारित परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने जिला स्कूल और मांगीलाल रूंगटा उच्च विद्यालय पहुंचकर परीक्षा आयोजन से जुड़ी तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने केंद्रों पर अभ्यर्थियों के लिए उपलब्ध बुनियादी सुविधाओं की जांच की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों में प्रकाश व्यवस्था, पेयजल सुविधा, पंखों की उपलब्धता, बैठने के लिए बेंच-डेस्क, स्वच्छता व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक संसाधनों का निरीक्षण किया। इस दौरान जहां कहीं भी सुधार की आवश्यकता महसूस हुई, वहां संबंधित पदाधिकारियों को समय रहते कमियों को दूर करने का निर्देश दिया गया।

उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि परीक्षा तिथि से पहले सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएं और केंद्रों पर उपलब्ध सुविधाओं की अंतिम समीक्षा भी कर ली जाए।

वहीं पुलिस अधीक्षक अमित रेणु ने परीक्षा केंद्रों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने पर जोर दिया। उन्होंने परीक्षा अवधि के दौरान अनावश्यक भीड़ को नियंत्रित करने, यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रभावी कदम उठाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि परीक्षा की निष्पक्षता और शांति बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने केंद्र प्रभारियों और संबंधित कर्मियों से भी चर्चा की तथा परीक्षा संचालन से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी ली। साथ ही परीक्षा के दिन सुरक्षा, प्रवेश व्यवस्था और अभ्यर्थियों की सुविधा को लेकर विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया।

उल्लेखनीय है कि जिले में नीट (यूजी) 2026 परीक्षा का आयोजन 21 जून को दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक किया जाएगा। परीक्षा में बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है। इसे देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन सभी आवश्यक तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा हुआ है।———–