खूंटी, 31 मई । खूंटी लोकसभा क्षेत्र के सांसद कालीचरण मुंडा और खूंटी विधायक राम सूर्या मुंडा ने रविवार को मुरहू प्रखंड के गुटूहातु (डोंबारी) स्थित आवासीय विद्यालय परिसर में 50 शैय्या वाले छात्रावास निर्माण कार्य का शिलान्यास किया।
कल्याण विभाग की ओर से लगभग 2 करोड़ 25 लाख रुपये की प्राक्कलित राशि से इस छात्रावास का निर्माण कराया जाएगा।
शिलान्यास समारोह को संबोधित करते हुए सांसद कालीचरण मुंडा ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि छात्रावास निर्माण से दूर-दराज के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने में सहूलियत होगी। इससे विद्यार्थियों को सुरक्षित एवं बेहतर आवासीय वातावरण उपलब्ध होगा, जिससे उनकी पढ़ाई पर सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।
विधायक राम सूर्या मुंडा ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा के विकास एवं विद्यार्थियों के सर्वांगीण उत्थान के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि नए छात्रावास के निर्माण से आवासीय विद्यालय की क्षमता बढ़ेगी तथा अधिक संख्या में छात्र इसका लाभ उठा सकेंगे। उन्होंने निर्माण कार्य को निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने की आवश्यकता पर बल दिया।
मौके पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष रवि मिश्रा, सांसद प्रतिनिधि पांडया मुंडू, कांग्रेस सहकारिता विभाग के महासचिव नईमुद्दीन खान, जिला परिषद सदस्य दयामनी मुंडू, चंद्र प्रभात मुंडा, पूर्व जिला परिषद सदस्य इंदुमती मुंडा सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।