सीसीएल में सेवानिवृत्त कर्मियों के सम्मान में विदाई समारोह आयोजित

Share

रांची, 30 मई । सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) मुख्यालय, रांची में शनिवार को एक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें सेवानिवृत्त कर्मियों को विदाई दी गई। इस अवसर पर मई 2026 में मुख्यालय से सेवानिवृत्त होने वाले 08 कर्मियों को विशेष रूप से सम्मानपूर्वक विदाई दी गई।

इसके साथ ही सीसीएल के विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत सेवानिवृत्त कर्मियों को भी उनके-अपने कार्यस्थलों पर आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से सम्मान सहित विदा किया गया। इस तरह मुख्यालय एवं विभिन्न क्षेत्रों से कुल 90 सेवानिवृत्त कर्मियों को सम्मानपूर्वक विदाई दी गई।

समारोह के दौरान मुख्यालय में एक लघु फिल्म का प्रदर्शन भी किया गया, जिसमें सेवानिवृत्त कर्मियों ने अपने सेवाकाल के अनुभव, भावनाएं और स्मृतियां साझा कीं। यह दृश्य सभी उपस्थित लोगों के लिए भावुक और प्रेरणादायक रहा।

मुख्यालय से सेवानिवृत्त होने वाले कर्मियों में डॉ. ओम प्रकाश (मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी, गांधीनगर अस्पताल), शंकर कुमार झा (महाप्रबंधक, मानव संसाधन विभाग), जॉयेश नायक (महाप्रबंधक, एमएम, गांधीनगर अस्पताल), अनिल कुमार (महाप्रबंधक, एमएम, क्रय विभाग), सुकांता कुमार गंतायत (उप-प्रबंधक, वित्त), रेनु सुनीता एक्का (वरिष्ठ डीई, वित्त कैश), संजय कुमार सिन्हा (वरिष्ठ रेडियोग्राफर, गांधीनगर अस्पताल) एवं चालक जगदीश शामिल रहे।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सीसीएल के मुख्य महाप्रबंधक (सीएमडी) निलेंदु कुमार सिंह तथा निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र उपस्थित रहे।

सीएमडी निलेंदु कुमार सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि सेवानिवृत्त कर्मियों ने अपने समर्पण, अनुभव और उत्कृष्ट कार्यशैली से कंपनी की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उनके वर्षों के अनुभव और कर्मनिष्ठा आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में भी ये कर्मी अपने मार्गदर्शन और सकारात्मक योगदान से समाज को लाभान्वित करते रहेंगे।

वहीं निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र ने कहा कि सेवानिवृत्ति किसी सेवा यात्रा का अंत नहीं, बल्कि जीवन के नए अध्याय की शुरुआत है। उन्होंने सभी सेवानिवृत्त कर्मियों के योगदान की सराहना करते हुए उनके सुखद, स्वस्थ और सम्मानपूर्ण भविष्य की कामना की।

समारोह में विभिन्न विभागों के महाप्रबंधक, विभागाध्यक्ष, अधिकारी, कर्मचारी तथा सेवानिवृत्त कर्मियों के परिजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी सेवानिवृत्त कर्मियों को शॉल, पुष्पगुच्छ एवं स्मृति-चिह्न प्रदान कर सम्मानपूर्वक विदाई दी गई।———-