देहरादून, 25 मई । उत्तराखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। राज्य के मैदानी जिलों में तेज गर्मी और हीटवेव को लेकर मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है। आगामी दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी की संभावना जताई गई है, जबकि पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के आसार हैं।
मौसम विभाग के अनुसार देहरादून, हरिद्वार, उधमसिंह नगर और आसपास के मैदानी क्षेत्रों में लू जैसे हालात बन सकते हैं। दोपहर के समय तेज धूप और गर्म हवाओं के चलते स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं बढ़ने की आशंका है। प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने और बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की अपील की है। स्वास्थ्य विभाग को भी आवश्यक तैयारियां रखने के निर्देश दिए गए हैं।
मौसम विभाग के मुताबिक उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश, गर्जन के साथ बारिश और 4000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है। पूर्वानुमान के मुताबिक 28 और 29 मई को भी उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में गरज-चमक, बिजली और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है।
विभाग ने पर्वतीय जिलों में आकाशीय बिजली चमकने और 40 से 50 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी भी जारी की है। वहीं मैदानी क्षेत्रों और उनसे लगे पहाड़ी इलाकों में ऊष्ण लहर (हीटवेव) की स्थिति बनने की आशंका जताई गई है।
देहरादून में सोमवार को आसमान मुख्यतः साफ रहने के साथ आंशिक बादल छाए रहने की संभावना है। कुछ क्षेत्रों में गर्जन वाले बादल विकसित हो सकते हैं। राजधानी का अधिकतम तापमान करीब 39 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान उत्तराखंड के मैदानी और पर्वतीय क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया गया। अगले दो से तीन दिनों तक तापमान में विशेष परिवर्तन की संभावना नहीं है, जबकि इसके बाद तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। बीते 24 घंटों में जोशीमठ में 2.2 मिमी, चंपावत में 1.0 मिमी और मुनस्यारी में 0.4 मिमी वर्षा दर्ज की गई।
मौसम विज्ञान केंद्र ने बताया कि पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के मैदानी और पर्वतीय क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया गया। अगले दो से तीन दिनों तक तापमान में विशेष बदलाव की संभावना नहीं है, लेकिन उसके बाद तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है।
मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान घरों के अंदर रहने, बिजली संचालन करने वाली वस्तुओं से दूरी बनाए रखने और किसानों को कटी फसलों को सुरक्षित स्थान पर रखने की सलाह दी है। हीटवेव को देखते हुए किसानों को फसलों और बागानों की सिंचाई करने की भी सलाह दी गई है।